भरतपुर शहर के एक होटल में देह व्यापार के लिए राजस्थान, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल से लड़कियां मंगवाई जाती थीं। इसका खुलासा तब हुआ, जब गुरुवार को पुलिस ने चार पुलिसकर्मियों को बोगस ग्राहक बनाकर होटल भेजा। सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस ने दबिश देकर एक नाबालिग सहित 9 लड़कियों को पकड़ा। पुलिस के अनुसार होटल के जरिए ग्राहकों तक लड़कियों की सप्लाई की जाती थी। मामले में होटल संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही होटल मालिक की भूमिका और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। सूचना मिली, 4 पुलिसकर्मी बने बोगस ग्राहक पुलिस को सूचना मिली थी कि भरतपुर शहर के एक होटल में लंबे समय से देह व्यापार का धंधा चल रहा है। इसके बाद सीओ सिटी आशिमा वासवानी के निर्देशन में चार पुलिसकर्मी बोगस ग्राहक बनकर होटल पहुंचे। देह व्यापार की सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस टीम ने होटल पर दबिश दे दी। होटल से 1 नाबालिग समेत 9 लड़कियां मिलीं पुलिस कार्रवाई के दौरान होटल से एक नाबालिग सहित कुल 9 लड़कियां मिलीं। पुलिस के अनुसार सभी लड़कियों को दूसरे राज्यों से बुलाया गया था। होटल से रजिस्टर और अन्य दस्तावेज भी जब्त कर लिए गए हैं। सभी लड़कियों के दस्तावेजों की जांच की जा रही है। होटल संचालक पर एफआईआर, चौकी से 50 मीटर दूर चलता था धंधा सीओ सिटी आशिमा वासवानी ने बताया कि होटल संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार होटल में लंबे समय से देह व्यापार चल रहा था। हैरानी की बात यह है कि होटल से महज 50 मीटर की दूरी पर ही पुलिस चौकी स्थित है। यूपी, राजस्थान और पश्चिम बंगाल की हैं लड़कियां पुलिस जांच में सामने आया कि होटल से मिली लड़कियां उत्तर प्रदेश, राजस्थान और पश्चिम बंगाल की रहने वाली हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि लड़कियों को होटल तक कौन लाया और इस धंधे से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।