भरतपुर जिले के कोट बांगर्रा गांव में गुरुवार रात लेपर्ड आ गया। आबादी क्षेत्र में घुसे लेपर्ड ने एक पशुबाड़े में बंधी गाय को अपना शिकार बनाया। गाय की आवाज आने पर परिजन बाहर आए तो लेपर्ड कुछ देर वहीं बैठे रहने के बाद गाय को छोड़कर भाग गया। मौके पर मौजूद लोगों ने लेपर्ड का वीडियो भी बनाया। घटना बयाना पुलिस सर्किल के गढ़ी बाजना थाना क्षेत्र की है। कोट बांगर्रा गांव के सुरेश गुर्जर ने बताया- रात करीब 9 बजे घर के सामने स्थित पशुबाड़े में बंधी गाय के चिल्लाने की आवाज आई। पास जाकर देखा तो एक लेपर्ड गाय का शिकार कर रहा था। आवाज देकर आसपास के ग्रामीणों को मौके पर बुलाया। बहुत देर तक टॉर्च की रोशनी में शोर किया, लेकिन लेपर्ड नहीं डरा और गाय का शिकार कर उसे घसीटकर ले जाने की कोशिश करता रहा। जब ग्रामीणों ने लाठियां दिखाते हुए हल्ला किया तो लेपर्ड मरी हुई गाय को छोड़कर भाग गया। वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी घटना की सूचना मिलने पर बांध बरेठा वन्यजीव अभयारण्य रेंज से फॉरेस्टर भरत सिंह और भगवान सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया है कि लेपर्ड की गतिविधियों को लेकर निगरानी भी बढ़ा दी गई है। गांव के आसपास लेपर्ड की मौजूदगी से ग्रामीणों में अभी भी डर का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द लेपर्ड को पकड़ने की मांग की है।