दो महीने पहले भरतपुर में लेपर्ड को लाठियों से पीट-पीटकर मारने वाले 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने वन विभाग की टीम के सामने ही लेपर्ड को मारकर आग में झोंक दिया था। टीम ने जलता हुआ शव निकाला था। घटना 20 मई को जिले के वैर थाना इलाके सीता गांव में हुई थी। वैर नाका प्रभारी हरगोविंद ने बताया- वैर थाना इलाके के सीता गांव में 20 मई को गांव के ही किसान बनेसिंह के घर में लेपर्ड घुस गया था। बनेसिंह के परिवार के सदस्य शोर मचाते हुए बाहर भागे। मकान के बाहर गांव वालों की भीड़ जुट गई। इस दौरान किसी ग्रामीण ने वन विभाग को लेपर्ड की सूचना दे दी। वन विभाग की टीम और वैर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। लेपर्ड जैसे ही बनेसिंह के घर से बाहर निकला तो ग्रामीणों ने चादर और तिरपाल डालकर उसे दबोच लिया। इसके बाद गांव के रहने वाले बनेसिंह, प्यार सिंह, हेमंत कुमार, मेघसिंह और देवीसिंह समेत अन्य लोगों ने लेपर्ड पर लाठियां बरसा दी। वन विभाग की टीम ने उन्हें रोकने की कोशिश की लेकिन वे नहीं माने और पीट-पीटकर लेपर्ड की जान ले ली। इसके बाद लेपर्ड के शव को आग के हवाले कर दिया। वन विभाग की टीम ने आग से लेपर्ड के शव को बाहर निकाला। 50 से ज्यादा लोगों के खिलाफ हुई थी FIR वन विभाग की टीम ने लेपर्ड का पोस्टमॉर्टम कराया और नियमों के मुताबिक अंतिम संस्कार किया। वन विभाग ने गांव के 50 से ज्यादा लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की थी। अब पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले 5 आरोपियों बनेसिंह, प्यार सिंह, हेमंत कुमार, मेघसिंह और देवीसिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस बाकी आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। यह खबर पढ़ें वन विभाग की टीम के सामने लेपर्ड को मार डाला:लोगों ने लाठी-डंडों से किया हमला, लकड़ियों पर रखकर शव को लगा दी आग घर में घुसे लेपर्ड को ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम के सामने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला। यही नहीं, ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम और पुलिस की मौजूदगी में लकड़ियों पर शव रखकर आग लगा दी। हालांकि वन विभाग की टीम ने आग से निकालकर शव को कब्जे में ले लिया। (पढ़ें पूरी खबर)