भरतपुर नगर निगम ने गुरुवार को बीनारायण गेट से सीरकी वाले हनुमान मंदिर तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। नगर निगम की टीम ने सड़क की जद में आ रही दुकानों और मकानों को बुलडोजर से हटाया। इस दौरान कुछ लोगों ने विरोध किया, लेकिन समझाइश के बाद कार्रवाई जारी रही। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और सुरक्षा के लिए बीनारायण गेट जाने वाला रास्ता बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया गया। दो महीने से चल रही है कार्रवाई नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि इस पूरे मार्ग पर पिछले करीब दो महीने से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई चल रही है। कार्रवाई से पहले अतिक्रमण करने वालों को नोटिस दिए गए थे और जिन जगहों पर निर्माण हटाया जाना था, वहां लाल निशान भी लगाए गए थे। कई लोगों ने नोटिस मिलने के बाद खुद ही अपना अतिक्रमण हटा लिया था। फोटोज में देखें… नोटिस के बाद भी नहीं हटाया तो चला बुलडोजर जिन लोगों ने नोटिस के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया, उनके निर्माण नगर निगम की टीम ने बुलडोजर से हटा दिए। कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों ने अपना सामान और दुकानों का सामान भी बाहर निकाला नगर निगम के अनुसार, यह सड़क कई जगह केवल 15 से 20 फुट चौड़ी रह गई थी। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी होती थी और अक्सर जाम लग जाता था। अतिक्रमण हटने के बाद अब सड़क की चौड़ाई 40 फुट हो जाएगी, जिससे ट्रैफिक सुचारु रहेगा और लोगों को आवाजाही में सुविधा मिलेगी।