भरतपुर ओपन जेल में सजा काट रहे दो आरोपी फरार हैं। सोमवार की सुबह ओपन जेल में बंदियों की हाजिरी ली गई तो, उसमें से एक मर्डर और दूसरा रेप का आरोपी फरार पाया गया। वहीं जयपुर में हुए अन्नू गुर्जर की हत्या में दोनों फरार बंदियों का हाथ बताया जा रहा है। जेल प्रशासन के अनुसार, रविवार की शाम तक दोनों बंदी ओपन जेल में ही थे और उनकी हाजिरी भी लगाई गई थी। जेल सुपरिटेंडेंट परमजीत सिंह सिंधु ने बताया कि सोमवार की सुबह जब ओपन जेल के बंदियों की हाजिरी ली गई तो, उसमें कुलदीप निवासी भरतपुर और सुगर सिंह निवासी हिंडौन नहीं मिले। जांच शुरू कर दी गई है। वहीं जयपुर में देर रात हुई हत्या के मामले में दोनों फरार बंदियों का हाथ होने की आशंका है। जेल सुपरिटेंडेंट ने बताया कि रविवार की शाम करीब 7 बजे खुला बंदी गृह की हाजिरी ली गई थी। उस दौरान कुलदीप और सुगर सिंह मौजूद थे। लेकिन सोमवार की सुबह करीब 6 बजे फिर से हाजिरी ली गई तो दोनों बंदी लापता थे।