बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा लगाने के लिए अलॉट की गई जमीन पर भगवान हनुमान की मूर्ति लगा दी गई। इसके बाद दो पक्ष आमने-सामने हो गए। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। मामला भरतपुर के रुदावल थाना इलाके के महलपुर चूरा गांव का है। मंगलवार को तनाव देखते हुए गांव में पुलिस की तैनाती की गई। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने लोगों को समझाया और शांत किया। तहसीलदार राकेश गिरी ने बताया- सरकार ने साल 2023 में महलपुर चूरा गांव में अंबेडकर भवन और अंबेडकर प्रतिमा के लिए जमीन अलॉट की थी। जमीन फिलहाल खाली पड़ी थी। मंगलवार को कुछ लोगों ने उसी जमीन पर भगवान हनुमान की मूर्ति स्थापित कर दी। इसके बाद गांव दूसरे पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए और मामला गरमा गया। दोनों पक्ष के लोग आमने-सामने हो गए। तनाव की सूचना पर रुदावल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अधिकारियों ने समझाइश की। मूर्ति को मंदिर में रखवाया रुदावल थाना पुलिस की मौजूदगी में अधिकारी लोगों से बात करने लगे। एक पक्ष के लोग हनुमानजी की प्रतिमा हटाकार जमीन पर अंबेडकर भवन बनाने की मांग करने लगे। दूसरे पक्ष के लोग सामुदायिक भवन के लिए अलॉट जमीन पर हनुमान प्रतिमा स्थापित करने की बात कहने लगे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद हनुमान प्रतिमा को वहां से हटाकर मंदिर में रखने के आदेश दिए। इससे एक पक्ष ने नाराजगी जाहिर की लेकिन बाद में सहमति से मूर्ति को हटाकर मंदिर में रखवा दिया गया। इनपुट- विशेष गर्ग, रुदावल, भरतपुर