भरतपुर के सेवर थाना क्षेत्र में देर रात दो पक्षों के बीच पथराव की घटना सामने आई। घटना में एक पक्ष के करीब 5 लोग घायल हो गए। हालांकि दोनों पक्षों की ओर से अभी तक पुलिस में कोई मामला दर्ज नहीं करवाया गया है। बताया जा रहा है कि विवाद शराब पीकर गाली-गलौज करने को लेकर शुरू हुआ। आए दिन शराब पीकर करते हैं उत्पात सेवर की जाटव बस्ती निवासी केदार ने बताया कि बस्ती से थोड़ी दूरी पर रहने वाले कुछ लोग आए दिन शराब पीकर उत्पात मचाते हैं। जब भी उन्हें ऐसा करने से रोका जाता है तो वे झगड़े पर उतारू हो जाते हैं। केदार के अनुसार, घटना वाली रात भी कुछ लोग शराब के नशे में गालियां दे रहे थे। जाटव बस्ती के लोगों ने जब इसका विरोध किया तो मामला बढ़ गया। रात 11 बजे बस्ती पर किया पथराव बताया गया कि शराब के नशे में धुत लोगों ने रात करीब 11 बजे जाटव बस्ती पर जमकर पथराव कर दिया। इस दौरान कई लोगों ने रवि नाम के युवक के साथ बेल्टों से मारपीट भी की, जिससे वह घायल हो गया। बच्चों को भी आई चोटें पथराव के दौरान बस्ती में मौजूद बच्चों को भी चोटें आई हैं। केदार ने बताया कि मोनिका, रोशनी, मोहित और स्वरूप घायल हुए हैं। हालांकि किसी भी घायल को अस्पताल में भर्ती नहीं करवाया गया है। वाहनों के शीशे टूटे, मामला दर्ज नहीं पथराव में घरों के बाहर खड़े वाहनों के शीशे भी टूट गए। घटना के बावजूद दोनों पक्षों की ओर से अभी तक पुलिस में कोई एफआईआर दर्ज नहीं करवाई गई है।