भरतपुर पुलिस पर उत्तरप्रदेश के बुलंदशहर में बदमाश ने पिस्टल छीनकर फायरिंग कर दी। एक गोली SHO के मारी, हालांकि बुलेटप्रूफ जैकेट पहनने के कारण जान बच गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, वहीं भागते समय गिरने से दूसरे का पैर टूट गया। एसपी राजेश मीणा ने बताया कि 4 जुलाई की रात करीब 9 बजे बाइक सवार तीन बदमाशों ने बर्तन व्यापारी चंद्रभान और किराना व्यापारी प्रमोद कुमार मित्तल को गोली मार दी थी। इनमें बर्तन व्यापारी की इलाज के दौरान जयपुर में मौत हो गई थी। एसपी ने बताया कि जांच में सामने आया था कि डीग के कासौट के रहने वाले बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है। 5 जुलाई की रात घटना के बाद बदमाश शहर में ही थे। पुलिस की टीमें लगातार सर्च कर रही थीं। 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था एसपी ने बताया- 8 जुलाई को पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में इनपुट के आधार पर सेवर थाना क्षेत्र के गिरधरपुर टोल पर पहुंची थी। इस दौरान आरोपी महेश (28) ने बचकर भागने के लिए पुलिस पर दो राउंड फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में एक गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद पुलिस ने महेश को दबोच लिया। उन्होंने बताया कि दो आरोपी प्रवीण और बलराम मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए थे। उनकी तलाश में लगातार टीमें दबिश दे रही थीं। दोनों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। यूपी के बुलंदशहर में छिपे थे दोनों बदमाश एसपी राजेश मीणा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि दोनों फरार आरोपियों के उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर में छिपे होने की सूचना मिली।। पुलिस की टीम बुलंदशहर पहुंची और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस ने में वारदात में काम ली गई बाइक जब्त कर ली गई। टॉयलेट के लिए रुके तो पिस्टल छीन ली गुरुवार रात जब आरोपियों को भरतपुर लाया जा रहा था। चिकसाना थाना क्षेत्र में टॉयलेट के लिए पुलिस रुकी थी। इस दौरान आरोपी प्रवीण ने एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर दो फायर कर दिए। एक गोली चिकसाना SHO बृजेश कुमार मीणा के बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगने से जान बच गई। दूसरी गोली मिस फायर हो गई। इस दौरान दोनों आरोपियों ने भागने की कोशिश की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में प्रवीण के पैर में गोली लगी और बलराम भागते समय गिर गया, जिससे उसका पैर टूट गया। दोनों को आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपियों के खिलाफ चिकसाना थाना में पुलिस पर जानलेवा हमले का मामला भी दर्ज किया गया है। अब जानिए क्या हुआ था मामला… 1. बेटे के साथ लौट रहे व्यापारी से 60 हजार लूटे थे 4 जुलाई को किराना व्यापारी प्रमोद कुमार मित्तल अपने बेटे निशांक के साथ दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। मथुरा गेट क्षेत्र में घर से करीब 400 मीटर पहले एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रोक लिया था और कट्टा दिखाकर करीब 60 हजार रुपए से भरा बैग छीन लिया। बैग देने के बाद भी बदमाशों ने फायरिंग की, जिसमें एक गोली प्रमोद मित्तल के कंधे के पास गर्दन में लग गई। बेटा उन्हें तुरंत आरबीएम अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां उनका उपचार जारी है। गर्दन में फंसी गोली 6 जुलाई को ऑपरेट कर निकाल दी गई थी। 2. गोली लगने के बाद भी बर्तन व्यापारी ने नहीं छोड़ा था बैग बर्तन व्यापारी चंद्रभान मथुरा से प्लॉट खरीदने के लिए उधार लिए गए 5 लाख रुपए लेकर भरतपुर लौट रहे थे। सुभाष नगर स्थित अनोखी होटल के पास बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोककर रुपए से भरा बैग छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने उनके पेट में गोली मार दी। इसके बावजूद आरोपी बैग नहीं छीन सके और फरार हो गए। घायल चंद्रभान को पहले आरबीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां से बाद में उन्हें इलाज के लिए जयपुर रेफर कर दिया गया। जहां 5 जुलाई की रात करीब डेढ़ बजे इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। --- ये खबर भी पढ़ें… भरतपुर में आधे घंटे में 2 व्यापारियों को गोली मारी:व्यापारी से कैश से भरा बैग लूटा, विरोध करने पर बर्तन व्यवसायी को अधमरा किया एक किराना व्यापारी से ₹60 हजार लूट लिए, इसके बाद उसे गोली मार दी। दूसरी वारदात में एक बर्तन व्यापारी से ₹5 लाख लूटने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहने पर उसके पेट में गोली मार दी। पूरी खबर पढ़िए