भरतपुर जिले के सेवर थाना क्षेत्र में जंगल की झाड़ियों में एक युवक का शव मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आरबीएम अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार शव करीब 24 घंटे पुराना है। युवक की जीभ बाहर निकली हुई थी, चेहरे पर कांटे लगे थे और नाक से खून बह रहा था। सेवर थाने के एसआई करतार सिंह ने बताया- स्थानीय लोगों ने सूचना दी थी कि विजय हॉस्पिटल के सामने जंगल में एक युवक का शव झाड़ियों में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों से पूछताछ कर शव की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने शव को आरबीएम अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। प्रारंभिक जांच में शव पर किसी प्रकार के चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। मृतक की उम्र करीब 27 वर्ष आंकी जा रही है। फिलहाल पुलिस शव की शिनाख्त कराने के प्रयास कर रही है और मामले की जांच जारी है।