भरतपुर के रुदावल थाना इलाके में रविवार सुबह करीब 8 बजे 25 साल के युवक थान सिंह की पानी से भरे गड्ढे में गिरने से मौत हो गई। राजपुरा निवासी युवक भैंस चराने के लिए जंगल की तरफ जा रहा था, तभी पैर फिसलने से हादसा हुआ। आसपास के लोगों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन वह पानी में डूब गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव बाहर निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए रखवाया। पैर फिसलने के कारण गड्ढे में गिरा युवक रुदावल थाने के ASI लाल सिंह सैनी ने बताया कि घटना आज सुबह करीब 8 बजे की है। थान सिंह (25) निवासी राजपुरा घर से भैंसों को चराने के लिए निकला था। जब वह जंगल की तरफ जा रहा था तो, अचानक उसका पैर फिसल गया। पास में गड्ढा था, जिसमें पानी भरा हुआ था। थान सिंह गड्ढे में जा गिरा। वहां आसपास मौजूद लोगों ने थान सिंह को बचाने की कोशिश लेकिन, वह पानी में डूब गया। पुलिस ने लोगों की मदद से निकलवाया शव स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना रुदावल थाना पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों की मदद से थान सिंह के शव को पानी के गड्ढे से बाहर निकलवाया। जिसके बाद शव को रुदावल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पुलिस ने परिजनों को अस्पताल बुलाकर शव का पोस्टमार्टम करवाया।