भीलवाड़ा के गांधीनगर थाना क्षेत्र में एक ऑफिस से 2.20 लाख रुपए कैश और स्कूटी लेकर फरार हुए कर्मचारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ऑफिस से बिना बताए कैश और स्कूटी लेकर भाग गया था। शिकायत के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की और आरोपी तक पहुंच गई। पुलिस ने उसके पास से स्कूटी और 90 हजार रुपए बरामद किए हैं। बाकी रकम को लेकर पूछताछ जारी है। ऑफिस से कैश और स्कूटी लेकर भागा गांधीनगर थाना प्रभारी पुष्पा कसौटिया ने बताया कि 15 जून को कार्तिक मेलाना ने ई-मेल के जरिए रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उसके ऑफिस में काम करने वाला युवक कुमारपाल 22 मई को ऑफिस से 2.20 लाख रुपए कैश और एक स्कूटी लेकर बिना बताए चला गया। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और एक टीम बनाई गई। सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग पुलिस टीम ने ऑफिस के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। आरोपी के जाने वाले रास्ते का रूट मैप तैयार किया गया। डिटेल जांच के बाद पुलिस ने आरोपी कुमारपाल सिंह उर्फ हैप्पी (24) पुत्र नारायण तंवर निवासी चित्तौड़गढ़, हाल पुलिस लाइन के पास, गांधीनगर को गिरफ्तार कर लिया। स्कूटी और 90 हजार रुपए बरामद पुलिस ने आरोपी के पास से स्कूटी और 90 हजार रुपए कैश बरामद किए हैं। बाकी रकम कहां गई, इसे लेकर आरोपी से पूछताछ की जा रही है। आरोपी को पकड़ने वाली टीम में गांधीनगर थाना प्रभारी पुष्पा कसौटिया, हेड कांस्टेबल जितेंद्र सिंह, कांस्टेबल भूपेंद्र, अनिल और बालवीर शामिल रहे।