डूंगरपुर के सागवाड़ा विधायक शंकरलाल डेचा ने शनिवार को भीलुड़ा स्थित महात्मा गांधी राजकीय स्कूल में दो नए कक्षा-कक्षों का शिलान्यास किया। इन कक्षा-कक्षों के निर्माण से स्कूल में विद्यार्थियों के बैठने की सुविधा बढ़ेगी। शिलान्यास समारोह में पूर्व विधायक अनिता कटारा, पूर्व सांसद कनकमल कटारा सहित कई भाजपा नेता मौजूद रहे। इन दो कक्षा-कक्षों में से एक का निर्माण विधायक मद से 25 लाख रुपए की लागत से किया जाएगा, जबकि दूसरा कक्षा-कक्ष समसा (SAMSA) मद से स्वीकृत हुआ है। इस अवसर पर जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक शंकरलाल डेचा ने कहा कि शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना ही देश और प्रदेश की प्रगति का आधार है। उन्होंने जोर देकर कहा कि शिक्षा क्षेत्र के लिए बजट आवंटित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। विधायक ने बताया कि शिक्षकों की सुविधा के लिए अब तक 100 प्राथमिक स्कूलों में विधायक मद से कंप्यूटर और प्रिंटर उपलब्ध कराए जा चुके हैं, ताकि ऑनलाइन कार्यों में कोई बाधा न आए। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार स्कूलों में डोम, कक्षा-कक्ष और अन्य भौतिक सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। वर्तमान में 'धरती अम्बा योजना' के तहत 25 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से विद्यार्थियों के लिए आधुनिक छात्रावास का निर्माण भी किया जा रहा है।