भीलवाड़ा में की पांसल ग्राम पंचायत में मतदान केंद्र के पीछे जले और फटे बैलेट पेपर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के बाद विवाद खड़ा हो गया। वीडियो पोस्ट करने वाले युवक ने आरोप लगाया कि बुधवार देर रात पुलिस उसके घर पहुंची और उसके साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने आई मां के साथ भी मारपीट की गई। जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। वहीं, पुलिस ने मारपीट के आरोपों को नकारते हुए युवक पर वीडियो के जरिए माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। मामला भीलवाड़ा के पुर थाना क्षेत्र का है। जले हुए बेलेट पेपर का वीडियो सोशल मीडिया पर डाला था दरअसल, पांसल ग्राम पंचायत में 24 अक्टूबर को पंच-सरपंच के लिए मतदान हुआ था। कस्बे में रहने वाले एक युवक नारायण गाडरी ने बुधवार को सोशल मीडिया पर जले ओर फटे हुए बेलेट पेपर का एक वीडियो शेयर किया था। इस वीडियो में मतदान केंद्र के पीछे कुछ बेलेट पेपर कटी-फटी और जली हुई हालत में थे। देर रात पुर पुलिस पीड़ित के घर पहुंची थी जांच में सामने आया कि यह मुख्य बेलेट पेपर के नीचे का वेस्टेज हिस्सा है। जिसे पोलिंग पार्टी की ओर से डिस्ट्रॉय किया जाता है। इस दौरान वोटिंग ओर काउंटिंग में धांधली की कई बातें भी सामने आई थी। इसके बाद बीती देर रात पुर थाना पुलिस ने नारायण के घर पहुंची और उसके साथ मारपीट की। नारायण के बाहर पुलिस खड़े रहने का वीडियाे भी सामने आया है। पुलिसकर्मियों पर मारपीट का आरोप नारायण का आरोप है कि बुधवार देर रात पुर थाना पुलिस उसके घर पहुंची। उसने पुलिसकर्मियों पर नशे की हालत में होने और लाठी से मारपीट करने का आरोप लगाया। उसका कहना है कि बीच-बचाव करने आई मां के साथ भी मारपीट की गई, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। महिला का अस्पताल में उपचार जारी है। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देर रात कुछ पुलिसकर्मी युवक के घर पहुंचे दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित परिवार ने मामले में न्याय की मांग की है। परिवार का आरोप है कि पुलिस राजनीतिक दबाव में कार्रवाई कर रही है। SHO बोले- मारपीट जैसी बात पूरी तरह गलत पुर थाना प्रभारी कन्हैया लाल ने बताया- मारपीट जैसी बात पूरी तरह गलत है। पुलिस पूछताछ के लिए गई थी। लड़के ने बुधवार को वीडियो वायरल कर कस्बे में अशांति फैलाई और लोगों को भड़का कर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया था।