भीलवाड़ा जिले में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जहाजपुर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-148D पर नागदी बांध के निकट तीखे मोड़ पर भोपाल से जोधपुर जा रही एक निजी स्लीपर बस बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में करीब 21 यात्री घायल हो गए। इनमें से 7 घायलों को भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल रेफर किया गया है। बस पलटते ही मची चीख-पुकार जानकारी के अनुसार, हादसा बुधवार सुबह हुआ। भोपाल से जोधपुर की ओर जा रही स्लीपर बस नागदी बांध के पास मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय ज्यादातर यात्री नींद में थे। अचानक बस पलटने से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर सभी घायलों को जहाजपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल 7 यात्रियों को भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल रेफर किया गया। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। नागदी बांध का मोड़ बना हादसों का केंद्र राष्ट्रीय राजमार्ग-148D पर नागदी बांध के पास स्थित तीखा मोड़ वाहन चालकों के लिए खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मोड़ पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती हैं और कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस ब्लैक स्पॉट को दुरुस्त कराने के लिए वे कई बार आंदोलन और प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। लोगों ने प्रशासन से मोड़ को सुरक्षित बनाने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।