भीलवाड़ा की सुभाष नगर थाना पुलिस ने सांगानेर कस्बे के कीरखेड़ा क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर कीर समाज के दो गुटों के बीच हुई क्रॉस फायरिंग के मामले में दो आरोपियों को रिमांड के दौरान घटनास्थल पर ले जाकर मौका तस्दीक करवाई साथ ही आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई एक टोपीदार अवैध बंदूक बरामद की है। यह था मामला सुभाषनगर थाना प्रभारी कैलाश विश्नोई ने बताया कि सांगानेर के कीरखेड़ा क्षेत्र में बीते दिनों पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हो गए थे।दोनों पक्षों की ओर से क्रॉस फायरिंग हुई, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था।इस मामले में पुलिस ने सांगानेर से लखन कीर, सोहन कीर और गोपाल कीर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया,जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया। पुलिस ने करवाई मौका तस्दीक रिमांड के दौरान पुलिस टीम आरोपियों को सांगानेर लेकर पहुंची और घटनास्थल की मौका तस्दीक करवाई। पुलिस के अनुसार, गोपाल कीर और सोहनलाल उर्फ सोनू कीर की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त टोपीदार अवैध बंदूक बरामद की गई।पुलिस अब बरामद हथियार को जांच में शामिल कर फायरिंग में उसकी भूमिका की पड़ताल कर रही है। मामले की पड़ताल में जुटी पुलिस थाना प्रभारी विश्नोई के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए थे।घटना के दौरान लखन कीर देशी कट्टे से फायर कर रहा था, इस दौरान कट्टा उसके हाथ में फट गया,जिससे उसके हाथ में चोट आई।आरोपी प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचा,लेकिन इलाज के बाद वहां से फरार हो गया था।पुलिस ने बाद में उसे भी गिरफ्तार कर लिया।