भीलवाड़ा में बुजुर्ग कमलादेवी कांकरिया की हत्या कर शव जलाने के मामले में पुलिस ने मंगलवार को तीसरे आरोपी आर्यन दाधीच उर्फ चूचा को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों को वारदात वाली जगह ले जाकर क्राइम सीन रीक्रिएट करवाया। जांच के अनुसार, प्रॉपर्टी अपने नाम कराने को लेकर हुए विवाद के बाद महिला की तकिए से मुंह दबाकर हत्या की गई थी। इसके बाद शव को मकान की छत पर जलाया गया और हड्डियों व अवशेषों को कोठारी नदी में बहा दिया गया। क्राइम सीन रेक्रिएट करवाया भीमगंज थाना प्रभारी सुनील चौधरी ने बताया कि इस मामले में आरके कॉलोनी निवासी रवि तापड़िया और हीरा सिंधी के बाद आर्यन दाधीच उर्फ चूचा को भी गिरफ्तार किया गया है। अब रवि तापड़िया का भतीजा कालू तापड़िया पुत्र सांभा तापड़िया फरार है। उसकी तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों से वारदात की शिनाख्त करवाई और उन्हें मकान पर ले जाकर क्राइम सीन रीक्रिएट कराया। आरोपियों ने महिला के शव को मकान की छत पर लकड़ियों और अन्य सामग्री से जलाया था। आरा मशीन से खरीद कर लाया लकड़ियां थाना प्रभारी चौधरी ने बताया कि शव जलाने के लिए आरा मशीन से करीब एक क्विंटल लकड़ियां खरीदी गई थीं। छत पर पहले से पड़ी लकड़ियों का भी इस्तेमाल किया गया। शव जलने के बाद छत का कुछ हिस्सा भी जल गया था। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के साथ कमलादेवी के शरीर से उतारे गए करीब 22 लाख रुपए के गहने बरामद करने में जुटी है। विवाद बढ़ा तो तकिए मुंह दबाकर मर्डर पुलिस के अनुसार, आरोपी रवि तापड़िया 12 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे कमलादेवी कांकरिया को आरके कॉलोनी स्थित मकान पर ले गया था। वहां उसने महिला से प्रॉपर्टी अपने नाम करवाने के लिए कहा। कमलादेवी ने साइन करने से मना किया तो विवाद बढ़ गया। इसके बाद तकिए से मुंह दबाकर उनकी हत्या कर दी गई। इस दौरान हीरा सिंधी भी वहां मौजूद था। छत की रिपेयरिंग करवाई पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर की सुबह आरोपियों ने छत से महिला के अवशेष हटाए। इसके बाद छत की मरम्मत करवाई गई और नया सीमेंट का घोल डालकर जले हिस्से को ठीक करने की कोशिश की गई, ताकि वारदात के सबूत मिटाए जा सकें। पुलिस अब छत की कल खुदाई कर वहां से सबूत जुटाएगी। जांच के दौरान मकान के अंदर के कमरे और छत की भी तलाशी ली गई। कमरे में उस जगह के बारे में जानकारी सामने आई, जहां बुजुर्ग महिला का तकिए से मुंह दबाकर हत्या की गई थी। 15 तोला सोने के गहने बॉडी से उतारे हत्या के बाद आरोपियों ने कमलादेवी के शरीर से करीब 15 तोला सोने के गहने उतार लिए और लाश को चादर में लपेटकर बांध दिया। पुलिस के अनुसार, हीरा सिंधी सोने के तीन कंगन लेकर गया था। गहनों की कुल कीमत करीब 22 लाख रुपए बताई गई है। हड्डियों के करीब 40 से ज्यादा टुकड़े मिले पुलिस के अनुसार, हत्या के अगले दिन रवि आरा मशीन से करीब एक क्विंटल लकड़ियां लेकर आया। 13 अक्टूबर की रात छत पर पहले से पड़ी लकड़ियों के साथ इन लकड़ियों और टायरों का इस्तेमाल कर शव जलाया गया। आग कम होने पर हड्डियों को बाल्टी और दूसरे बर्तनों में ठंडा किया गया। 14 अक्टूबर की सुबह रवि ने अपने भतीजे कालू तापड़िया के साथ मिलकर हड्डियां, अन्य अवशेष और जले हुए कोयले को कोठारी नदी में बहा दिया। पुलिस ने नदी से हड्डियों के 40 से ज्यादा टुकड़े बरामद किए हैं। ……… पढ़ें हत्या के खुलासे से जुड़ी ये खबर भी… बुजुर्ग महिला का शव जलाकर बाल्टी में भरी थी हड्डियां:रातभर जलती रही बॉडी, सुबह पानी से ठंडा किया; पढ़ें- हत्या के पीछे की पूरी कहानी भीलवाड़ा में 70 साल की बुजुर्ग की हत्या और 22 लाख की ज्वेलरी लूट के मामले में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। आरोपी रवि तापड़िया बुजुर्ग महिला कमला देवी के पति का रिकवरी एजेंट था। पढ़ें पूरी खबर… 15 तोला सोने के लिए महिला की हत्या,पेट्रोल डालकर जलाया:हड्डियां और राख नदी में फेंकी; घर में अकेली थी, 15 दिन से लापता थी भीलवाड़ा में पड़ोसी ने 15 तोला सोने की ज्वेलरी के लिए बुजुर्ग महिला की गला दबाकर हत्या कर दी। पढ़ें पूरी खबर…