भीलवाड़ा में बुजुर्ग कमलादेवी की हत्या के बाद आरोपियों ने मकान की छत पर शव जलाया और फिर करीब 40 दोस्तों के साथ वहीं नॉनवेज पार्टी की। बताया जा रहा है कि पार्टी में शामिल लोग नशे में थे। भीलवाड़ा पुलिस गुरुवार को तीन गिरफ्तार आरोपियों रवि तापड़िया, हीरा सिंधी और आर्यन दाधीच को लेकर घटनास्थल पहुंची। फॉरेंसिक टीम के साथ छत की हल्की खुदाई करवाई और शव रखने, जलाने और पार्टी करने वाली जगहों को चिह्नित कर सबूत जुटाने की कोशिश की। अब पुलिस हत्या के बाद कमलादेवी के शरीर से उतारे गए करीब 22 लाख रुपए के गहने बरामद करने और पार्टी के लिए नॉनवेज कहां से खरीदा गया था, इसकी जांच में जुटी है। पुलिस हत्या के पीछे की वजह और फरार आरोपी कालू तापड़िया की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि कमलादेवी ने पड़ोसी रवि को करीब 5 लाख रुपए ब्याज पर दिए थे। रवि ब्याज के रुपए वसूलने का काम करता था। वहीं, कमलादेवी के पति भी करीब 2 साल पहले मौत हो गई। जिस मकान में वारदात की गई वह मनीष अरोड़ा का है, जो करीब 8 पहले लापता हुआ है, जिसका अभी तक कोई पता नहीं चला। रवि ने मकान पर कब्जा कर रखा था। पढ़ें … कैसे चला पूरा घटनाक्रम 12 अक्टूबर: प्रॉपर्टी अपने नाम करवाने पर हुआ विवाद, फिर हत्या भीमगंज थाना प्रभारी सुनील चौधरी के अनुसार, मुख्य आरोपी रवि तापड़िया (43) को 7 दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। रवि 12 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे कमला देवी कांकरिया (72) को आरके कॉलोनी स्थित अपने मकान पर लेकर आया था। आरोपी ने महिला से प्रॉपर्टी अपने नाम करवाने के लिए कहा। कमलादेवी ने डॉक्यूमेंट पर साइन करने से मना कर दिया तो विवाद बढ़ गया। इसके बाद आरोपी ने तकिए से मुंह दबाकर उनकी हत्या कर दी। इस दौरान हीरा सिंधी भी वहां मौजूद था। हत्या के बाद शरीर से उतारे 15 तोला सोने के गहने पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपियों ने कमलादेवी के शरीर से करीब 15 तोला सोने के गहने उतार लिए। इनकी कीमत करीब 22 लाख रुपए बताई गई है। इसके बाद शव को चादर में लपेटकर बांध दिया गया। पुलिस के मुताबिक, हीरा सिंधी सोने के तीन कंगन लेकर गया था। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के साथ महिला के शरीर से उतारे गए बाकी गहने बरामद करने में जुटी है। 13 अक्टूबर: आरा मशीन से लकड़ियां खरीदकर छत पर जलाया शव पुलिस पूछताछ में आरोपी रवि तापड़िया ने बताया, हत्या के अगले दिन आरा मशीन से करीब एक क्विंटल लकड़ियां खरीदकर लाया। 13 अक्टूबर की रात मकान की छत पर पहले से पड़ी लकड़ियों के साथ इन लकड़ियों और टायरों का इस्तेमाल कर शव जलाया गया। आग कम होने पर हड्डियों को बाल्टी और दूसरे बर्तनों में ठंडा किया गया। 14 अक्टूबर: हड्डियां और जले अवशेष कोठारी नदी में फेंके पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर की सुबह रवि ने अपने भतीजे कालू तापड़िया के साथ मिलकर हड्डियां, अन्य अवशेष और जले हुए कोयले को कोठारी नदी में बहा दिया। पुलिस ने नदी से हड्डियों के 40 से ज्यादा टुकड़े बरामद किए हैं। इसके बाद आरोपियों ने छत से महिला के अवशेष हटाए और छत की मरम्मत करवा दी। जले हुए हिस्से पर नया सीमेंट का घोल डालकर उसे ठीक करने की कोशिश की गई, ताकि वारदात के सबूत मिटाए जा सकें। 40 दोस्तों के साथ नॉनवेज पार्टी की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वारदात को अंजाम देने बाद रात को करीब 40 दोस्तों के साथ इसी मकान में छत पर नॉनवेज पार्टी भी की थी। अब पुलिस नॉनवेज की दुकान पर जाकर जांच करेगी कि उस दिन पार्टी के लिए इतनी बड़ी मात्रा में नॉनवेज खरीदा गया था या नहीं। पुलिस इस जानकारी की भी पड़ताल कर रही है। मामले में मुख्य आरोपी का साथ देने वाला उसका भतीजा कालू तापड़िया फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। 15 अक्टूबर : लापता होने की रिपोर्ट के बाद खुला मामला वीर सावरकर चौक क्षेत्र की रहने वाली रवीना कांकरिया ने 15 अक्टूबर को सास कमला देवी कांकरिया के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया था कि सास यहां अकेली रहती थी। ससुर तेजसिंह कांकरिया की 2 साल पहले मौत हो चुकी है। रवीना के पति सौरभ कांकरिया की भी सड़क हादसे में 4 साल पहले मौत हो गई थी। रवीना अपने दो बच्चों के साथ अब भीलवाड़ा के ही आजाद नगर में रहती है। कमला देवी के यहां काम करने वाली नौकरानी ने रवीना को 15 अक्टूबर को सूचना दी थी। 12 अक्टूबर से घर पर कोई नहीं है, ताला लगा हुआ है। 26 अक्टूबर : पड़ोसी और उसका साथी गिरफ्तार जांच में कमला देवी और पड़ोसी रवि तापड़िया साथ-साथ सीसीटीवी में जाते हुए कैद हुए थे। पूछताछ में बताया कि उसने कमला देवी को बाजार छोड़ दिया था। सच सामने आपने पर पुलिस ने रवि तापड़िया और उसके साथी हीरा सिंधी को गिरफ्तार कर रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। 28 अक्टूबर : मामले में एक आरोपी और पकड़ा मामले में आर्यन दाधीच उर्फ चूचा को भी गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों से वारदात की शिनाख्त करवाई और उन्हें मकान पर ले जाकर क्राइम सीन रीक्रिएट कराया। आरोपियों ने महिला के शव को मकान की छत पर लकड़ियों और अन्य सामग्री से जलाया था। रवि तापड़िया का भतीजा कालू तापड़िया पुत्र सांभा तापड़िया फरार है। उसकी तलाश जारी है। 29 अक्टूबर : अब छत की खुदाई कर सबूत जुटा रही पुलिस गुरुवार को पुलिस की टीम तीनों गिरफ्तार आरोपियों रवि तापड़िया, हीरा सिंधी और आर्यन दाधीच को लेकर मकान पर पहुंची। उनके साथ फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम भी थी। पुलिस ने आरोपी के बताए अनुसार छत की हल्की खुदाई करवाई, आसपास की दीवारों को चेक किया और मकान में रखे सामान की बारीकी से जांच की। मकान के अंदर के कमरे और छत का भी निरीक्षण किया गया। कमरे में उस जगह की जानकारी सामने आई, जहां बुजुर्ग महिला की तकिए से मुंह दबाकर हत्या किए जाने की बात कही जा रही है। कमलादेवी के शव को इसी मकान की छत पर जलाया गया था। हालांकि, आरोपी ने वारदात के बाद घटनास्थल को ठीक करवाने की कोशिश की थी। ऐसे में छत और मकान से मिले सबूतों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पड़ोसियों के सवाल- न बदबू आई, न छत पर आग दिखी इस मामले में एक बड़ा सवाल यह भी है कि 72 साल की महिला का शव करीब एक क्विंटल लकड़ियों और टायरों की मदद से मकान की छत पर जलाया गया, लेकिन पड़ोसियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। स्थानीय लोगों के मुताबिक, न तो उन्हें किसी तरह की बदबू आई और न ही किसी ने मकान की छत पर आग जलते हुए देखी। आरोपी का मकान शहर के प्रमुख रिहायशी इलाके में है। यहां से दिनभर हजारों गाड़ियां गुजरती हैं और देर रात तक भी लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में स्थानीय लोग इस बात पर सवाल उठा रहे हैं कि इतनी बड़ी वारदात हुई, लेकिन किसी को इसकी जानकारी कैसे नहीं मिली। --- हत्या से जुड़ीं ये खबरें भी पढ़ें … 1. 15 तोला सोने के लिए महिला की हत्या,पेट्रोल डालकर जलाया:हड्डियां और राख नदी में फेंकी; घर में अकेली थी, 15 दिन से लापता थी भीलवाड़ा में पड़ोसी ने 15 तोला सोने की ज्वेलरी के लिए बुजुर्ग महिला की गला दबाकर हत्या कर दी। मर्डर के बाद आरोपी शव छत पर ले गए और पेट्रोल डालकर आग लगा दी। पूरी खबर पढ़िए 2. बुजुर्ग महिला का शव जलाकर बाल्टी में भरी थी हड्डियां:रातभर जलती रही बॉडी, सुबह पानी से ठंडा किया; पढ़ें- हत्या के पीछे की पूरी कहानी भीलवाड़ा में 70 साल की बुजुर्ग की हत्या और 22 लाख की ज्वेलरी लूट के मामले में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। आरोपी रवि तापड़िया बुजुर्ग महिला कमला देवी के पति का रिकवरी एजेंट था। पूरी खबर पढ़िए 3. तकिए से मुंह दबाकर बुजुर्ग महिला को मारा था:एक क्विंटल लकड़ियों से घर की छत पर जलाया; पुलिस ने क्राइम सीन रिक्रिएट करवाया- तीसरा आरोपी गिरफ्तार भीलवाड़ा में बुजुर्ग कमलादेवी कांकरिया की हत्या कर शव जलाने के मामले में पुलिस ने मंगलवार को तीसरे आरोपी आर्यन दाधीच उर्फ चूचा को गिरफ्तार किया। पूरी खबर पढ़िए