दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए भीलवाड़ा जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुद्ध आहार अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। रायला में करीब 240 किलो मिलावटी और गुणवत्ताहीन मिठाइयों व खाद्य सामग्री को मौके पर नष्ट करवाया गया और कई दुकानों से सैंपल लिए गए। जानकारी के अनुसार, रायला स्थित मालवा मिष्ठान भंडार का निरीक्षण करते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मावा बर्फी और बूंदी लड्डू के सैंपल लिए। निरीक्षण के दौरान अमानक पाई गई करीब 240 किलोग्राम मिठाई, रसगुल्ले, नमकीन और चाशनी को मौके पर ही नष्ट करवाया गया। साथ ही दुकान में पाई गई कमियों को दूर करने के लिए फर्म को नोटिस जारी किया गया। कार्रवाई के दौरान बनेड़ा ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी (BCMO) डॉ. बनवारी लाल यादव, खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार रैगर, विजय कुमार मेहता और अंकित शर्मा मौजूद रहे। मांडल के सुपर बाजार और किराना स्टोर से सैंपल लिए विभाग की दूसरी टीम ने मांडल में विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। टीम ने पटवारी सुपर बाजार से एक्ट के तहत मिर्च पाउडर और नॉन-एक्ट में हल्दी पाउडर का सैंपल लिया। वहीं, लड्डा किराणा स्टोर से सरस घी का सैंपल लिया गया। एकत्र किए गए सभी सैंपलों को जांच के लिए अजमेर लैब भेजा जाएगा। इस टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीरज मीणा, संजय वर्मा और कुलदीप चौधरी शामिल थे। त्योहारों पर शुद्ध सामग्री के लिए अभियान सीएमएचओ डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने जानकारी दी कि दीपावली पर्व के मद्देनजर आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलेभर में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों द्वारा लगातार निरीक्षण और कार्रवाइयां की जा रही हैं। उन्होंने आमजन से अपील की है कि दीपावली पर कोई भी खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी मैन्युफैक्चरिंग डेट, और एक्सपायरी डेट की जांच जरूर करें। इसके अलावा, यदि कहीं भी संदिग्ध या अवधिपार खाद्य पदार्थों की बिक्री होती दिखे, तो उसकी सूचना जिला स्तरीय कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 01482-232643 पर दें, जिससे समय रहते कार्रवाई की जा सके।