भीलवाड़ा में दीपावली पर आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई की। मिर्ची मंडी स्थित एक कोल्ड स्टोरेज से कुल 5,850 किलोग्राम खाद्य सामग्री सीज की गई। वहीं, विभिन्न मिठाई प्रतिष्ठानों से भी खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। सीएमएचओ डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि मिर्ची मंडी स्थित कोल्ड स्टोरेज का निरीक्षण कर वहां रखी विभिन्न खाद्य सामग्री के नमूने लिए गए। जांच रिपोर्ट आने तक संबंधित सामग्री को सीज करने की कार्रवाई की गई है। कोल्ड स्टोरेज से ये खाद्य सामग्री की सीज कार्रवाई के दौरान कोल्ड स्टोरेज से करीब 2,000 किलो काजू, 1,050 किलो अजवाइन, 600 किलो सौंफ, 700 किलो दाख (मुनका) और 1,500 किलो लाल मिर्च पाउडर सीज किया गया। कुल 5,850 किलोग्राम खाद्य सामग्री पर कार्रवाई की गई। इस दौरान डॉ. दिलराज मीणा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव, नीरज मीणा, कुलदीप चौधरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। मिठाई की दुकानों से भी लिए सैंपल खाद्य सुरक्षा विभाग की दूसरी टीम ने कोटड़ी स्थित चारभुजा मिष्ठान भंडार से फीका मावा और रसगुल्ले के सैंपल लिए। बजरंग मिष्ठान भंडार से बीकाजी केसरबाटी और जोधपुर मिष्ठान भंडार से बर्फी और रसगुल्ले के नमूने लिए गए। जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई सभी सैंपल जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला, अजमेर भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान बीसीएमओ डॉ. सुरेश कुमार शर्मा तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार रेगर और विजय मेहता मौजूद रहे। खरीदारी से पहले एक्सपायरी डेट जरूर जांचें सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने आमजन से अपील की कि दीपावली के दौरान खाद्य सामग्री और मिठाइयां खरीदते समय विशेष सावधानी बरतें। पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर निर्माण तिथि और समाप्ति तिथि जरूर जांचें। अवधिपार या संदिग्ध खाद्य सामग्री खरीदने से बचें। संदिग्ध खाद्य सामग्री दिखे तो कंट्रोल रूम पर दें सूचना डॉ. शर्मा ने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए। यदि कहीं संदिग्ध या अवधिपार खाद्य सामग्री की बिक्री होती दिखाई दे, तो इसकी सूचना जिला स्तरीय कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 01482-232643 पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।