गौ सम्मान अभियान के दूसरे चरण में भीलवाड़ा में गौभक्तों ने रैली निकाली। शहर विधायक अशोक कोठारी समेत प्रतिनिधिमंडल करीब 2 किमी नंगे पैर चलकर जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचा और राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री के नाम 3 लाख 47 हजार हस्ताक्षरयुक्त प्रार्थना पत्र कलेक्टर को सौंपा। अभियान के तहत देश के 780 केंद्रों पर जिला कलेक्टरों के माध्यम से ज्ञापन दिए जा रहे हैं। विजय मंत्र के जाप से शुरू हुई रैली रैली से पहले जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से गौभक्त बसों और चौपहिया वाहनों के काफिले के साथ हरिसेवा वाटिका पहुंचे। यहां संगीतमय वातावरण में विजय मंत्र का सामूहिक जाप किया गया। इसके बाद संतों के आशीर्वचन हुए और संकीर्तन प्रार्थना रैली शुरू हुई। रैली में स्कूली स्टूडेंट्स, एनजीओ सदस्य और बड़ी संख्या में गौभक्त शामिल हुए। बच्चे-बच्चियां हाथों में तख्तियां लेकर गौ माता के जयकारे लगाते हुए चले। 2 किमी नंगे पैर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे रैली हरिसेवा वाटिका से शुरू होकर सीताराम जी की बावड़ी, सूचना केंद्र चौराहा, बालाजी मार्केट, गोल प्याऊ चौराहा, अंबेडकर सर्किल और मशीनरी मार्केट होते हुए जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंची। रैली में गौभक्त भजनों पर चलते और राधा-कृष्ण के भजन गाते नजर आए। सजी-धजी बैलगाड़ियां भी रैली में शामिल हुईं, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। दुर्गा शक्ति अखाड़ा की बच्चियां भी हाथों में तख्तियां लेकर रैली में शामिल हुईं। कलेक्टर कार्यालय पहुंचने के बाद प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर को राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम प्रार्थना पत्र सौंपा। बड़ी संख्या में गौभक्त कलेक्टर कार्यालय के बाहर भी मौजूद रहे। गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करवाना और देश में गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगवाना है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने भी स्वराज्य से अधिक गो रक्षा को महत्वपूर्ण माना था, लेकिन आजादी के इतने वर्षों बाद भी यह मांग पूरी नहीं हुई। अभियान के तहत कुल 40 करोड़ हस्ताक्षर जुटाकर केंद्र सरकार को सौंपने का लक्ष्य रखा गया है। इसके पहले चरण में 27 अप्रैल 2026 तक सवा 5 करोड़ हस्ताक्षर जमा किए गए थे। दूसरे चरण में भीलवाड़ा जिले से 3 लाख 47 हजार हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन जिला कलेक्टर को सौंपा गया। संतों और गौभक्तों की मौजूदगी कार्यक्रम में महामंडलेश्वर हंसाराम, जिला प्रचारक संत लालजी महाराज, काठिया बाबा करेड़ा से संत सरजू दास, जैन सुरेश मुनि, जिला समन्वयक सुनील जागेटिया, संभाग प्रभारी नंदकिशोर साहू और जिला प्रभारी जगदीश तेली मौजूद रहे। इनके अलावा दुर्गा शक्ति अखाड़ा की बच्चियां, एनजीओ सदस्य और बड़ी संख्या में गौभक्त व शहरवासी शामिल हुए।