भीलवाड़ा में परिवार के अस्पताल जाने के बाद सूने मकान का ताला तोड़कर चोर अंदर घुस गए। बदमाश घर से करीब 3 लाख रुपए नकद और 40 से 45 लाख रुपए के सोने के जेवर चोरी कर ले गए। परिवार पोते के जन्म के बाद अस्पताल में भर्ती जच्चा-बच्चा के लिए खाना लेकर गया था। वारदात सोमवार दोपहर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित शास्त्रीनगर मेन सेक्टर में हुई। मेन गेट का ताला तोड़कर घर में घुसे चोर कोतवाली थाना प्रभारी हनुमान चौधरी ने बताया कि मामला शास्त्रीनगर मेन सेक्टर का है। यहां रहने वाले घड़ी व्यवसायी हरीश मूलचंदानी के परिवार में शनिवार को एक निजी अस्पताल में पोते का जन्म हुआ था। सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे परिवार के सभी सदस्य अस्पताल में भर्ती जच्चा-बच्चा के लिए भोजन लेकर गए थे। इसी दौरान मकान सूना होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने मेन गेट का ताला तोड़ा और घर में घुस गए। अलमारियां तोड़ीं, कमरे अस्त-व्यस्त किए घर में घुसने के बाद चोरों ने दो अलमारियों को खंगाला और उनमें रखे सोने के जेवर तथा करीब 3 लाख रुपए नकद चोरी कर लिए। चोरों ने कमरों का सामान बिखेर दिया और पूरी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोरी गए जेवर और नकदी की कुल कीमत 40 से 45 लाख रुपए के बीच आंकी जा रही है। पुलिस के अनुसार पूरी वारदात करीब साढ़े तीन घंटे के अंदर हुई। शाम को लौटे तो टूटा मिला ताला शाम करीब 5 बजे के बाद जब परिवार अस्पताल से वापस घर पहुंचा तो मेन गेट का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर जाकर देखा तो कमरे अस्त-व्यस्त थे और अलमारियों का सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। मेरे और बेटी के जेवर रखे थे, सब चोरी हो गए पीड़िता रेनू मूलचंदानी ने बताया कि पोते के जन्म के कारण वह सुबह 11 बजे से अस्पताल में थीं। उनकी बेटी भी घर पर ताला लगाकर अस्पताल आ गई थी। शाम को जब वे घर लौटे तो ताले टूटे मिले। उन्होंने बताया कि घर में उनके और उनकी बेटी के सोने के जेवर रखे हुए थे, जो सभी चोरी हो गए। किसी को भुगतान करना था, नकदी भी ले गए रेनू मूलचंदानी ने बताया कि किसी को भुगतान करने के लिए घर में 3 से 4 लाख रुपए नकद रखे हुए थे, जिन्हें भी चोर ले गए। उनकी बेटी ससुराल से आई हुई थी और उसके जेवर भी घर में रखे थे। चोरी में कुल 40 से 45 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।