भीलवाड़ा जिले के पारोली थाना पुलिस ने अवैध बजरी खनन और परिवहन पर कार्रवाई करते हुए 35 टन बजरी से भरे डंपर को जब्त किया और चालक को गिरफ्तार किया। नाइट गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिलने पर टीम ने छापड़ेल से आसोप की ओर जा रहे डंपर का पीछा कर उसे रोका। जांच में बजरी के कोई परमिट या अनुमति डाक्यूमेंट्स नहीं मिले। मामले की जानकारी माइनिंग डिपार्टमेंट को दी गई है। गुप्त सूचना पर पीछा कर रोका डंपर पारोली थाने के एएसआई रामेश्वर लाल मीणा टीम के साथ सरकारी जीप से नाइट गश्त पर थे। कोटाज पहुंचने पर सूचना मिली कि छापड़ेल से आसोप की ओर एक डंपर अवैध बजरी लेकर जा रहा है। इस पर पुलिस ने छापड़ेल चौराहा से डंपर का पीछा किया। चालक ने तेज गति से वाहन भगाने की कोशिश की, लेकिन कुछ दूरी पर पुलिस ने उसे रोक लिया। जांच में परमिट नहीं मिला डंपर की जांच करने पर उसमें करीब 35 टन बजरी भरी मिली। पुलिस को बजरी के कोई परमिट या अनुमति डाक्यूमेंट्स नहीं मिले, जिससे अवैध परिवहन की पुष्टि हुई। चालक ने बनास नदी से बजरी लाना बताया पूछताछ में चालक ने अपना नाम दिलकुश बंजारा पुत्र श्यामलाल बंजारा निवासी कल्याणपुरा बताया। उसने गांव सरा का खेड़ा के पास बनास नदी से बजरी लाकर ले जाना कबूल किया। डंपर जब्त, आगे की कार्रवाई शुरू पुलिस ने डंपर को जब्त कर थाने परिसर में खड़ा किया है। मामले में आगे की कार्रवाई के लिए माइनिंग डिपार्टमेंट को सूचना दे दी गई है।