भीलवाड़ा के जहाजपुर थाना क्षेत्र में अवैध बजरी कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने बुधवार को ऐसे व्हाट्स एप लोकेशन ग्रुप से जुड़े पांच लोगों को हिरासत में लिया। आरोप है कि पुलिस की गतिविधियों और मूवमेंट की जानकारी अवैध कारोबार से जुड़े लोगों तक पहुंचाते थे। पुलिस ने पूछताछ के लिए पांचों को हिरासत में लिया है। साथ ही एक स्कॉर्पियो और एक बोलेरो वाहन भी जब्त कर थाने में खड़े कराए गए हैं। अवैध कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगा कार्रवाई के बाद जहाजपुर थाना प्रभारी दयाराम चौधरी ने कहा कि क्षेत्र में किसी भी तरह का अवैध कारोबार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि पुलिस की लोकेशन साझा कर अपराधियों की मदद करने के बजाय कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। नेटवर्क से जुड़े लोगों पर भी होगी सख्त कार्रवाई थाना प्रभारी ने कहा कि अवैध बजरी खनन और उससे जुड़े पूरे नेटवर्क के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। जो लोग गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल हैं या किसी भी तरह उनका सहयोग कर रहे हैं, उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई का लोगों ने किया समर्थन पुलिस की इस कार्रवाई का स्थानीय लोगों ने समर्थन किया। थाना प्रभारी की ओर से अवैध कारोबार के खिलाफ सख्ती जारी रखने की बात कहने पर थाने के बाहर मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर जहाजपुर पुलिस की सराहना की। लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह निष्पक्ष और लगातार कार्रवाई होती रही तो अवैध बजरी कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगेगा और आमजन का पुलिस पर भरोसा भी और मजबूत होगा।