भीलवाड़ा शहर में नेशनल हाईवे-48 और भदाली खेड़ा चौराहे के पास स्लीपर और लग्जरी बसों की जांच के दौरान बड़ी अनियमितताएं सामने आईं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और परिवहन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में दो बसों को मौके पर ही सीज कर दिया गया। इसके बाद बसों में सवार यात्रियों को दूसरी बसों के जरिए उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। शहर से दूर हाईवे पर पहुंचकर की जांच यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से एक माह का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सोमवार रात प्राधिकरण की टीम शहर से करीब 15 किलोमीटर दूर नेशनल हाईवे-48 स्थित भदाली खेड़ा चौराहे पर पहुंची और वहां से गुजर रही निजी एवं स्लीपर बसों की जांच की। डिक्की को बनाया हुआ था माल का गोदाम जांच के दौरान एक बस में डिक्की की आड़ में बड़ा स्टोरेज एरिया बना हुआ मिला, जहां प्लास्टिक के कट्टों में बड़ी मात्रा में माल भरा हुआ था। अधिकारियों ने इसे यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा माना। मौके पर ही बस को सीज कर दिया गया और उसमें सवार यात्रियों को उतारकर दूसरी बस की व्यवस्था कर गंतव्य के लिए रवाना किया गया। दूसरी बस में भी मिली तकनीकी कमियां कार्रवाई के दौरान एक अन्य स्लीपर बस की जांच में भी कई तकनीकी खामियां और सुरक्षा मानकों में कमी पाई गई। इसके बाद उस बस को भी सीज कर दिया गया। टीम ने बसों में इमरजेंसी एग्जिट, अग्निशमन उपकरण और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी जांच की। ढाई घंटे तक चला अभियान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रश्मि आर्य ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग के सहयोग से एक माह तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सोमवार को करीब ढाई घंटे तक हाईवे के विभिन्न मार्गों पर लग्जरी और स्लीपर बसों की जांच की गई। जांच के दौरान एक बस की डिक्की में बड़ी मात्रा में माल परिवहन किया जाना पाया गया, जिसे सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मानते हुए बस को सीज किया गया। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा को लेकर यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। ये अधिकारी रहे मौजूद कार्रवाई के दौरान जिला परिवहन अधिकारी रामकृष्ण चौधरी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, यातायात विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।