भीलवाड़ा में मैसर्स मनोज इंटरप्राइजेज से कैफीनेटेड बेवरेज की स्टिंग ब्रांड की 2950 बोतलें सीज की गई हैं। ड्रिंक को लेकर एनर्जी वाला भ्रामक प्रचार करने का आरोप है। शुक्रवार को सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद फर्म के खिलाफ लीगल कार्रवाई की जाएगी। सीएमएचओ डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया- शुद्ध आहार, मिलावट पर वार अभियान के तहत चिकित्सा विभाग की फूड सेफ्टी टीम ने यह कार्रवाई की है। जांच के लिए सैंपल अजमेर की लैब में भेजे गए हैं। खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSI) के निर्देश के अनुसार कैफीनेटेड बेवरेज को लेकर ‘एनर्जी ड्रिंक’ या ‘स्पोर्ट्स ड्रिंक’ जैसे दावे भ्रामक श्रेणी में माने गए हैं। शरीर के लिए घातक है कैफीन खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव ने बताया- ज्यादा कैफीन युक्त ड्रिंक्स पीना सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। खासतौर पर प्रेग्नेंट महिलाओं, शिशु को दूध पिलाने वाली माताओं और बच्चों को ऐसे प्रोडेक्ट्स से बचना चाहिए। आमजन से अपील है कि किसी भी खाद्य या पेय पदार्थ को खरीदने से पहले उसके लेबल, सामग्री एवं वैधानिक जानकारी की जांच जरूर करें और भ्रामक दावे वाले उत्पाद से सतर्क रहें।