भीलवाड़ा जिले की 10 नगर पालिकाओं के अध्यक्ष चुनाव में भाजपा ने 7 और कांग्रेस ने 3 पालिकाओं पर कब्जा किया। इससे पहले भीलवाड़ा नगर निगम में भाजपा का महापौर निर्विरोध चुना गया। पालिकाओं के चुनाव में बनेड़ा में भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों को 10-10 वोट मिलने के बाद पर्ची से फैसला हुआ, जबकि गुलाबपुरा और शाहपुरा में अध्यक्ष पद का नतीजा सिर्फ एक-एक वोट के अंतर से आया। जानिए… 10 नगर पालिकाओं के परिणाम जहाजपुर में भाजपा की बड़ी जीत: जहाजपुर नगरपालिका में भाजपा प्रत्याशी अलकेश वैष्णव ने जीत दर्ज की। उन्हें कुल 23 वोट मिले, जबकि कांग्रेस की प्रत्याशी प्रमोद देवी शर्मा को 2 वोट मिले। बिजौलिया में एक वोट से भाजपा जीती: बिजौलिया में भाजपा की स्नेहा तिवारी और कांग्रेस की भूमिका सुवालका के बीच बेहद करीबी मुकाबला हुआ। स्नेहा तिवारी को 13 वोट मिले, जबकि भूमिका सुवालका को 12 वोट मिले। बनेड़ा में पर्ची से राजाधिराज बने पालिकाध्यक्ष: बनेड़ा में भाजपा के गोपाल चरण (राजाधिराज) और कांग्रेस के बाबूलाल माली को 10-10 वोट मिले। मुकाबला बराबरी पर रहने के बाद पर्ची निकाली गई। इसमें भाजपा के गोपाल चरण के पक्ष में फैसला आया। गुलाबपुरा में एक वोट से भाजपा की जीत: गुलाबपुरा में भाजपा की विष्णु देवी वैष्णव ने 18 वोट हासिल किए। कांग्रेस की रजनी तोषनीवाल को 17 वोट मिले। इस तरह भाजपा ने एक वोट के अंतर से जीत दर्ज की। मांडलगढ़ में कांग्रेस को सिर्फ 2 वोट: मांडलगढ़ में भाजपा प्रत्याशी श्वेता डांगी ने 12 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। निर्दलीय उम्मीदवार जुली ओस्तवाल को 6 वोट मिले, जबकि कांग्रेस की जहरा फातिमा को सिर्फ 2 वोट मिले। गंगापुर में कांग्रेस की प्रीति जीतीं: गंगापुर नगरपालिका में कांग्रेस प्रत्याशी प्रीति काकाणी ने 15 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। भाजपा की विकल सिंघवी को 10 वोट मिले। आसींद में भाजपा की आसान जीत: आसींद नगरपालिका में भाजपा के सत्येंद्र सिंह चौहान ने 17 वोट हासिल किए। कांग्रेस के दिनेश गोखरू को 8 वोट मिले। इस तरह सत्येंद्र सिंह चौहान ने जीत दर्ज की। हमीरगढ़ में पूर्व पालिकाध्यक्ष रेखा परिहार हारीं: हमीरगढ़ में कांग्रेस के प्रकाश जाट ने 12 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। भाजपा की रेखा परिहार को 8 वोट मिले। रेखा परिहार पूर्व पालिकाध्यक्ष रह चुकी हैं। बीगोद में लोकेश नागौरी ने बाजी मारी: बीगोद नगरपालिका में भाजपा प्रत्याशी लोकेश नागौरी ने 16 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। कांग्रेस की मनुडी को 3 वोट, निर्दलीय उम्मीदवार को 6 वोट, गुर्जर को एक वोट मिलने की जानकारी दी गई है। शाहपुरा में एक वोट से कांग्रेस की जीत: शाहपुरा में कांग्रेस प्रत्याशी रमेश सेन ने 18 वोट हासिल कर अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। निर्दलीय उम्मीदवार बालमुकुंद तोषनीवाल को 17 वोट मिले। कांग्रेस ने एक वोट के अंतर से जीत दर्ज की।