भीलवाड़ा में मंगलवार को श्री शिव महापुराण कथा के अंतिम दिन विशाल पंडाल छोटा नजर आया। कथा सुनने आए लोगों को जहां जगह मिली वह वहां ही बैठ गया। आज अंतिम दिन कथा का समय सुबह 8 से 11 बजे का था लेकिन रात से ही भक्त कथा स्थल पर जुटने लगे,सुबह 8 बजे भी पंडाल में पैर रखना मुश्किल था। कथा के अंतिम दिन पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहा कि शिव महापुराण कथा जीवन की व्यथा मिटाने के लिए है। इस कथा में आने वाला कोई श्रद्धालु खाली हाथ नहीं जाएगा देवाधिदेव महादेव की कृपा उसके साथ रहेगी। उन्होंने गौसेवा की प्रेरणा देते हुए कहा कि गोमाता के बिना सनातन धर्म का टिक पाना मुश्किल है। पाठ्यक्रम से गाय का निबंध निकाल देने से बच्चों को स्मरण ही नहीं होता कि गोमाता की सेवा कैसे करे।भारत सरकार को केजी से लेकर हर कक्षा में गोमाता को एक विषय बनाना चाहिए ताकि बच्चें उस बारे में पढ़ सके।गोमाता को राष्ट्र माता घोषित किया जाए इसके लिए 27 अप्रेल से 27 जुलाई तक गौ-सम्मान आह्वान अभियान भी चला रहे है। पैसे वाला होना सरल पर अमीर बनना कठिन उन्होंने कहा कि दुनिया में पैसे वाला होना सरल है पर अमीर बनना कठिन है। दुनिया में पैसे वाले तो बहुत है पर सबसे अमीर व्यक्ति वह है जिसे रात्रि में नींद अच्छी आती है, भोजन आसानी से पचता है ओर शरीर को कोई तकलीफ नहीं है। अमीर वहीं है जिसे पैसा कमाने के बाद भी सुखचैन की नींद आए ओर काया निरोगी रहे ओर कोई दवा नहीं खानी पड़े। उन्होंने कहा कि पहले लोग समझते थे ओर फिर समझाते थे लेकिन आजकल समझना कोई नहीं चाहता सब समझाने में लगे है। जब तक समझेंगे नहीं समझा भी नहीं पाएंगे। भजन पर झूम उठे श्रद्धालु कथा के दौरान मंच से ‘म्हारा चारभुजा रो नाथ, जो भी मांग्यो दीजो भर-भर हाथ’ भजन गाया गया तो लाखों महिला श्रद्धालु अपने-अपने स्थानों पर खड़ा होकर झूमती रही। पांडाल के अंदर हो या बाहर हर तरफ भक्ति से ओतप्रोत श्रद्धालु ऐसे भजनों की रस गंगा में डूबे नजर आए। कथा के दौरान मंच से पंडित मिश्रा ने कुछ श्रद्धालुओं के पत्र पढ़े जिसमें बताया गया था कि उनकी समस्याओं का निदान किस तरह शिव भक्ति से हुआ। श्रद्धालु माथे पर मिट्टी लगाकर हुए रवाना श्री शिव महापुराण कथा पांडाल में गत सात दिन से शिव भक्ति में तल्लीन हजारों श्रद्धालु कथा विराम होते ही पांडाल की मिट्टी माथे पर लगा ओर अपने साथ लेकर रवाना हो गए। ये श्रद्धालु भीलवाड़ा जिले के विभिन्न क्षेत्रों के साथ ही राजस्थान ओर देश के विभिन्न क्षेत्रों से भी भीलवाड़ा पहुंचे थे। कथा विराम होते ही ऐसे श्रद्धालु अपना सामान लेकर घर पहुंचने के लिए बस स्टैंड ओर रेलवे स्टेशन की ओर रवाना हो गए। श्री शिव महापुराण कथा समिति ने जताया सभी का आभार श्री शिव महापुराण कथा के ऐतिहासिक सफल आयोजन पर श्री शिव महापुराण कथा आयोजन समिति भीलवाड़ा के अध्यक्ष विधायक अशोक कोठारी ने सभी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संकटमोचन हनुमान मंदिर के महामण्डलेश्वर बाबूगिरी महाराज की प्रेरणा से ही ये आयोजन हो पाया ओर सभी के सहयोग से इतना विराट आयोजन सम्पन्न हो पाया है। समिति ने कथा के सफल आयोजन में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोगी बने सभी बंधुओं ओर संस्थाओं के प्रति भी आभार जताया है।