श्री शिव महापुराण कथा की पूर्व संध्या पर आज राजेन्द्र मार्ग स्कूल ग्राउंड से शाम को कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी। संकटमोचन हनुमान मंदिर के महंत बाबूगिरी महाराज के सानिध्य में निकलने वाली इस शोभायात्रा में महामंडलेश्वर और संत भी शामिल रहेंगे। शोभायात्रा राजेन्द्र मार्ग, लक्ष्मीनारायण मंदिर मार्ग, मुरली विलास रोड, अंबेडकर सर्किल, गोल प्याऊ चौराहा, बालाजी मार्केट, सूचना केंद्र चौराहा होते हुए पेच एरिया, नेताजी सुभाष मार्केट और संकटमोचन हनुमान मंदिर से होकर वापस राजेन्द्र मार्ग स्कूल पहुंचेगी। इसमें महिलाएं सिर पर मंगल कलश और पुरुष साफा व सफेद वेशभूषा में शामिल होंगे। मेडिसिटी ग्राउंड पर तैयारियां पूरी, विशाल डोम तैयार आजादनगर स्थित मेडिसिटी ग्राउंड में कथा के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। आयोजन समिति के कार्यकारी अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी ने बताया कि करीब 11 लाख वर्ग फीट क्षेत्र में से साढ़े चार लाख वर्ग फीट में तीन बड़े वाटरप्रूफ डोम और पाइप पांडाल बनाए गए हैं। गर्मी से बचाव के लिए कूलर-पंखे, पेयजल, मेडिकल टीम और एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है। साथ ही करीब 250 अस्थायी शौचालय और चलित शौचालय भी उपलब्ध रहेंगे। दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक होगी कथा समिति के अध्यक्ष और भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी ने बताया - 8 से 14 अप्रैल तक प्रतिदिन दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक कथा आयोजित होगी। आयोजन को डिस्पोजेबल मुक्त रखने का लक्ष्य रखा गया है। जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, नगर निगम, नगर विकास न्यास और सार्वजनिक निर्माण विभाग के सहयोग से व्यवस्थाएं की जा रही हैं। भीड़ को देखते हुए गहने पहनकर न आने की अपील समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील जागेटिया ने बताया - बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। कानून व्यवस्था और यातायात को ध्यान में रखते हुए विशेषकर महिलाओं से अपील की गई है कि वे कीमती आभूषण पहनकर न आएं। श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग और आवागमन के अलग-अलग मार्ग और गेट निर्धारित किए गए हैं। प्रतिदिन 20-20 हजार लोगों के लिए भोजन व्यवस्था बाहरी श्रद्धालुओं के लिए पन्नाधाय सर्किल के पास भोजनशाला तैयार की गई है। यहां ईंट-मिट्टी की 12 भट्टियों पर भोजन बनाया जाएगा। प्रतिदिन सुबह-शाम करीब 20-20 हजार श्रद्धालुओं के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है, जिसमें पथमेड़ा गोशाला से मंगाया गया शुद्ध घी उपयोग में लिया जाएगा। संतों के सानिध्य में भंडारा, बड़े अतिथि आमंत्रित 13 अप्रैल को संतों और महंतों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन होगा। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष और मां मंशादेवी मंदिर हरिद्वार के अध्यक्ष तथा श्री पंचायती निरंजनी अखाड़ा मायापुर हरिद्वार के सचिव महंत रविन्द्रपुरी महाराज के सानिध्य में यह भंडारा होगा, जिसमें देशभर से महामंडलेश्वर और संत शामिल होंगे। इन अतिथियों को किया आमंत्रित श्री शिव महापुराण कथा के लिए उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, प्रेमचंद बैरवा सहित राज्य सरकार के कई मंत्रियों, सांसदों और विधायकों को आमंत्रित किया गया है। पत्रकार वार्ता में समिति के संयोजक गजानंद बजाज, सह संयोजक सत्येन्द्र बिरला, महासचिव पीयूष डाड, कन्हैया लाल स्वर्णकार और सचिव ललित सोमानी मौजूद रहे।