भीलवाड़ा जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर शनिवार को सेन समाज और सर्व समाज के लोगों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद उन्होंने राज्यपाल के नाम जिला कलेक्टर को 9 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। इसमें शाहपुरा निवासी अभिषेक सेन की जयपुर में हुई हत्या के मामले में निष्पक्ष जांच, दोषियों को फांसी की सजा दिलाने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की गई। सुनियोजित तरीके से पीट-पीटकर हत्या का आरोप सेन समाज के प्रतिनिधि राजेश सेन ने बताया कि भीलवाड़ा जिले के शाहपुरा निवासी युवक अभिषेक सेन, जो जयपुर में सैलून व्यवसायी थे, उनकी असामाजिक तत्वों द्वारा सुनियोजित तरीके से बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। अपराधियों ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को फांसी पर लटका दिया, जिससे इसे आत्महत्या का रूप दिया जा सके। उन्होंने बताया कि इस संबंध में स्थानीय पुलिस (झोटवाड़ा थाना, जयपुर) में सूचना दी गई, लेकिन आज तक पुलिस विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई और न ही रिपोर्ट दर्ज की गई। इस घटना से समस्त सेन समाज और सर्व समाज में आक्रोश है। सीबीआई या उच्च स्तरीय एसआईटी से जांच करवाई जाए प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि इस हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए इसकी निष्पक्ष जांच सीबीआई या उच्च स्तरीय एसआईटी से करवाई जाए, जिससे सच्चाई सामने आ सके। साथ ही दोषियों को तत्काल गिरफ्तार कर मामला फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाए और उन्हें फांसी की सजा सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा उन्होंने पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान करने, मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी देने,बच्चों की शिक्षा और भविष्य की जिम्मेदारी सरकार द्वारा उठाने की भी मांग की। साथ ही मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई करने और सैलून व स्पा में कार्यरत कर्मचारियों का पंजीकरण अनिवार्य करने की मांग भी रखी गई। मांगे नहीं मानी तो आंदोलन की चेतावनी प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि 7 दिनों के भीतर उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो सर्व हिंदू समाज द्वारा अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा और उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी।