भीलवाड़ा के बड़लियास थाना इलाके में बीती रात चोरों ने तीन अलग-अलग गांवों में चार मंदिरों को अपना निशाना बनाते हुए चोरी की है। थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया कि बीती रात अज्ञात चोर सवाईपुर में बड़े चारभुजा नाथ मंदिर के मुख्य गेट का ताला तोड़कर मंदिर में घुसे, इसके बाद मंदिर का दरवाजा खोलकर तलाशी की, लेकिन यहां कुछ नहीं मिला। इसके बाद बाहर बरामदे में रखे दानपात्र के ताले को तोड़कर दानपात्र से राशि को चुरा लिया, इतना ही नहीं चोर वहा रखी ढोलक को भी अपने साथ ले गए। सुबह पुजारी को चोरी का पता लगा चोरी की घटना का पता आज सुबह पुजारी को लगा। सूचना पर सवाईपुर चौकी कांस्टेबल संदीप कुमार व श्रवण कुमार मौके पर पहुंचे। इसी मंदिर में दो-तीन साल पहले भी चोरों ने चोरी कर आभूषण और दानपात्र चुराया था। चोरों ने सवाईपुर में कोठारी नदी किनारे स्थित तेजाजी महाराज के दानपात्र को भी चोरों ने निशाना बनाया, चोर दानपात्र को तोड़कर उसमें रखी राशि चुरा ली। नार सिंह माता मंदिर से दानपेटी का कैश चुराया पास के आकोला गांव में नार सिह माताजी जी मंदिर पर लगी दानपेटी को चोर तोड़कर उसमें रखी दान राशि को चुराकर ले गए। इसी क्षेत्र के ही चांदगढ़ गांव में स्थित श्री चारभुजा नाथ मंदिर को भी चोरों ने अपना निशाना बनाया ,लेकिन यहां चोरों को कुछ नहीं मिला, यहां चोरों ने एक साल पहले भी मंदिर के शिखर से स्वर्ण कलश को चुरा लिया था। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज किया है और चोरों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।