बंगाल की खाड़ी में बने तूफान अर्नब का असर राजस्थान के मौसम पर दिखने लगा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 27 जिलों में तेज बारिश की संभावना जताई है। शुक्रवार सुबह से भीलवाड़ा में आसमान बादलों से ढका रहा और सर्द हवाएं चलीं। बीती रात से ही बादल छाए हुए हैं। मौसम में ठंडक बढ़ने से लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, जिले में न्यूनतम तापमान 17 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। सुबह से बादल छाए, सर्द हवाओं से बढ़ी ठंड शुक्रवार सुबह से आसमान में बादल छाए रहने के कारण धूप नहीं निकली। सर्द हवाओं के चलने से लोगों को ठंड का अहसास होने लगा। ठंड से बचने के लिए लोगों ने गर्म कपड़े पहनना शुरू कर दिया है। सबसे ज्यादा परेशानी टू-व्हीलर चलाने वालों को हुई। बादल छाने और हवाएं चलने से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। मौसम में आए बदलाव से दिनभर ठंडक बनी रही। न्यूनतम तापमान 17 डिग्री दर्ज मौसम विभाग के अनुसार, भीलवाड़ा में न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। आने वाले दिनों में दिन और रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है। इससे जिले में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने की संभावना है। 31 अक्टूबर तक रहेगा तूफान का असर मौसम विभाग के अनुसार, तूफान अर्नब का असर करीब तीन दिन तक रह सकता है। इसका सबसे ज्यादा प्रभाव शुक्रवार और शनिवार को रहने की संभावना है। 31 अक्टूबर से इसका असर कम होने लगेगा। इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने राजस्थान के 27 जिलों में तेज बारिश की संभावना जताई है।