भीलवाड़ा में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पीहर पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों पर कुल्हाड़ी, तलवार और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। घटना में महिला के पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोग गंभीर घायल हो गए, जिनका हॉस्पिटल में इलाज जारी है। घटना जिले के कोटड़ी थाना क्षेत्र के ककरोलिया माफी गांव में मंगलवार को हुई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भिजवाया और जांच शुरू की। इलाज के दौरान हुई थी महिला की मौत कोटड़ी थाना प्रभारी गजेन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया कि ककरोलिया माफी गांव निवासी लक्ष्मी (40) पत्नी सितारिया बागरिया को सुबह अचानक छाती और गले में तेज दर्द की शिकायत हुई। परिजन उसे इलाज के लिए पहले सवाईपुर और फिर बनकाखेड़ा के हॉस्पिटल लेकर गए, जहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। ससुराल पक्ष के लोग शव को घर लाकर अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटे थे। इसी दौरान मृतका के पीहर डगेरा का खेड़ा (राजपुरा) से पहुंचे परिजन अमरा, भैरू, नंदा, कालू समेत अन्य लोगों ने अचानक हमला कर दिया। कुल्हाड़ी, लोहे की रॉड समेत अन्य धारदार और पत्थरों से ससुराल पक्ष के लोगों पर वार किए, जिससे ससुराल पक्ष के चार लोग घायल हो गए। इनमें मृतक महिला का पति सितारिया (40) पुत्र देवी बागरिया के अलावा रामलाल (27) पुत्र भेरू बागरिया, भैरू (68) पुत्र देवी बागरिया और ममता (18) पुत्री भेरू बागरिया शामिल है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत कोटड़ी हॉस्पिटल भिजवाया, जहां उनका मेडिकल करवाया जा रहा है। पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।