भीलवाड़ा एसीबी की फर्स्ट यूनिट ने कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार शाम करीब 4 बजे शाहपुरा पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन शहजाद मोहम्मद और दो ठेकेदारों को 4 लाख 4 हजार रुपए की रिश्वत के साथ पहले हिरासत में लिया। देर रात तक जांच और पूछताछ के बाद रात करीब 11 बजे तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। दरअसल, हिरासत में लेने के बाद एक्सईएन के जहाजपुर स्थित घर और अन्य ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। टीम शाम करीब 5 बजे घर पहुंची और पुलिस जाब्ता तैनात कर जांच शुरू की, जो रात 10:30 बजे तक जारी रही। तलाशी के दौरान घर से करीब 8 लाख रुपए नकद और लगभग 25 लाख रुपए के सोने के जेवर मिलने की जानकारी सामने आई है। एसीबी के डीएसपी पारसमल के अनुसार, शाहपुरा क्षेत्र के ठेकेदारों से बिल पास कराने के बदले यह राशि वसूली गई थी, जो एसई खेमचंद मीणा तक पहुंचाया जाना था। मामले में एसई को नामजद कर उनकी तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि एसई खेमचंद मीणा उस समय भीलवाड़ा से बाहर थे, जिसके कारण वे पकड़े जाने से बच गए। जयपुर मुख्यालय को मिली थी शिकायत एसीबी के डीएसपी पारसमल ने बताया कि जयपुर मुख्यालय को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि एक्सईएन शहजाद मोहम्मद ठेकेदारों से कामों के बदले कमीशन ले रहे हैं। इन शिकायतों के आधार पर भीलवाड़ा प्रथम चौकी की टीम ने लंबे समय तक निगरानी रखी। जांच में सामने आया कि XEN शहजाद मोहम्मद शाहपुरा के ठेकेदार मोडूराम धाकड़ और बनवारीलाल मीणा के जरिए रिश्वत का लेनदेन कर रहे थे। मंगलवार को एसीबी ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए लेक्टर कार्यालय के पास घेराबंदी कर एक कार रुकवाया और इसकी तलाशी ली। कार में PWD शाहपुरा का XEN शहजाद खान और एक अन्य व्यक्ति मौजूद था। तीनों आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया। मौके से एक्सईएन और दोनों ठेकेदारों के पास से कुल 4.04 लाख रुपए नकद बरामद किए गए। जहाजपुर मकान में तलाशी में मिला कैश और सोना एसीबी की कार्रवाई के बाद आरोपी एक्सईएन शहजाद मोहम्मद के जहाजपुर स्थित घर और अन्य ठिकानों पर मंगलवार देर रात तक सर्च ऑपरेशन चला। टीम शाम करीब 5 बजे घर पहुंची और पुलिस जाब्ता तैनात कर जांच शुरू की, जो रात 10:30 बजे तक जारी रही। तलाशी के दौरान घर से करीब 8 लाख रुपए नकद और लगभग 25 लाख रुपए के सोने के आभूषण मिलने की जानकारी सामने आई है। हालांकि एसीबी ने इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। ठेकेदार को दिलवाए करोड़ों के टेंडर एक्सईएन शहजाद मोहम्मद का जहाजपुर में पुश्तैनी मकान है। उन्होंने अपनी नौकरी का बड़ा हिस्सा घर से करीब 70 किमी के दायरे में ही शाहपुरा, बनेड़ा और जहाजपुर क्षेत्र में बिताया। वे जहाजपुर, मांडलगढ़ और बनेड़ा में एईएन पद पर रहे। शाहपुरा में भी एईएन के रूप में पोस्टिंग रही और करीब दो साल पहले यहीं एक्सईएन के पद पर प्रमोशन मिला। उनका एक बेटा बीसलपुर परियोजना में जेईएन है, जबकि दूसरा पोल्ट्री फार्म चलाता है। शाहपुरा-बनेड़ा क्षेत्र में उन्होंने दर्जनों सड़कें, पुलिया और भवन निर्माण कार्य करवाए। आरोप है कि पकड़े गए ठेकेदार मोडूराम धाकड़ को करोड़ों रुपए के कई टेंडर दिलवाए गए। नए ठेकेदारों से भी कमीशन इसी के जरिए इकट्ठा किया जाता था। पीडब्ल्यूडी कार्यों के भुगतान के लिए मांगी गई रिश्वत एक्सईएन शहजाद मोहम्मद के जहाजपुर स्थित आवास और ठेकेदार मोडूराम धाकड़ के शाहपुरा स्थित घर पर तलाशी ली गई। पूछताछ में सामने आया कि यह रिश्वत पीडब्ल्यूडी के कार्यों के भुगतान और अन्य काम करवाने के बदले मांगी गई थी। आरोप है कि यह रकम एक्सईएन और एसई खेमचंद मीणा दोनों के लिए ली जा रही थी। जांच में यह भी सामने आया है कि एक्सईएन और एसई के बीच इस संबंध में कई बार बातचीत हुई। एसई खेमचंद मीणा को भी नामजद किया गया है और उनकी तलाश की जा रही है। एसई और खुद के लिए मांगी थी रिश्वत एक्सईएन शहजाद मोहम्मद न केवल अपने लिए, बल्कि एसई खेमचंद मीणा के लिए भी ठेकेदारों से कमीशन के रूप में लाखों रुपए इकट्ठा कर रहा था। सोमवार को उसके भीलवाड़ा आकर राशि सौंपने की सूचना मिलने पर एसीबी ने जाल बिछाया। एक्सईएन शहजाद मोहम्मद ठेकेदार मोडूराम धाकड़ की कार में बैठकर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित एसई ऑफिस पहुंचा, जहां कार्रवाई की गई। लाल थैली में रुपए देने आया तो एसीबी ने दबोचा कार को ट्रेजरी ऑफिस की तरफ पार्क किया गया। इसके बाद एक्सईएन शहजाद मोहम्मद ने दूसरे ठेकेदार बनवारीलाल मीणा को कॉल कर रुपए लेकर कलेक्ट्रेट बुलाया। ठेकेदार बनवारीलाल कपड़े की लाल थैली में नकदी लेकर पहुंचा। जैसे ही रुपए से भरी थैली सौंपी गई, एसीबी टीम ने मौके पर ही तीनों को दबोच लिया। इसके बाद सभी आरोपियों को एसीबी प्रथम कार्यालय ले जाया गया, जहां आगे की कार्रवाई की गई। ---------------------------------------------------------------------------------------------------------------- यह खबर भी पढ़ें… पीडब्ल्यूडी XEN की कार से मिला 4 लाख कैश: ACB ने घेरकर रुकवाया था, अधिकारी के घर पर भी सर्च जारी ACB को PWD XEN की कार से 4 लाख रुपए कैश मिले हैं। XEN की कार में उसका एक साथी भी सवार था। इसके बाद पुलिस ने शाहपुरा का XEN शहजाद खान और उसके एक साथी को डिटेन किया है। (पूरी खबर पढ़ें)