भीलवाड़ा के भीमगंज थाना क्षेत्र के तिलक नगर इलाके में अवैध बजरी से भरी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। आज दोपहर हुए इस हादसे में बाइक चला रहे राकेश (21) निवासी सिंगोली श्याम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि पीछे बैठे गोविंद को मामूली चोटे आई हैं। टक्कर मारकर भागा, बेकाबू हो पलटी ट्रॉली टक्कर मारने के बाद ड्राइवर भीड़ से बचने के लिए ट्रैक्टर को तेज स्पीड से भगा ले गया लेकिन लोगों के पीछा करने पर घबराहट में नियंत्रण खो बैठा। करीब 300 मीटर दूर पहुंचकर एक मोड़ पर बेकाबू ट्रैक्टर पलट गया जिससे ट्रॉली में भरी बजरी सड़क पर बिखर गई। ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने के बावजूद ड्राइवर मौके से फरार हो गया। सूचना पर भीमगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रत्यक्षदर्शियों से हादसे की जानकारी ली। कॉम्पिटीशन एग्जाम की कर रहे थे तैयारी मृतक राकेश के साथ बाइक पर पीछे बैठे दोस्त गोविंद ने बताया कि वो दोनों सिंगोली के रहने वाले हैं। तिलक नगर में कमरा लेकर कॉम्पिटीशन एग्जाम की तैयारी कर रहे हैं। आज दोनों स्टेशनरी लेने के लिए बाजार आए थे। सामान लेकर कमरे पर लौटते वक्त इंपीरियल होटल के पास ट्रैक्टर ट्रॉली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। ट्रैक्टर राकेश को कुचलते हुए उसके ऊपर से निकल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि मेरे कंधे पर मामूली चोट आई है। लोग बोले अवैध बजरी रोकने वाला कोई नहीं हादसे से गुस्साए लोगों ने कहा कि इस इलाके में अवैध बजरी से भरे ट्रैक्टर ट्रॉलियां दिन–रात दौड़ती हैं, लेकिन उन्हें रोकने वाला कोई नहीं। पुलिस ने मृतक राकेश के शव को महात्मा गांधी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। परिजनों के आने के बाद इसका पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।