खैरथल-तिजारा के भिवाड़ी में सोमवार दोपहर अज्ञात वाहन ने कमरे के बाहर खेल रहे 6 साल के बच्चे को टक्कर मार दी। बच्चे की हालत गंभीर है, जिसे अलवर लाया गया। फिर अलवर से जयपुर रैफर कर दिया गया है। घायल बालक चार बहनों का इकलौता भाई है। माता-पिता भी फैक्ट्री में काम करते हैं। घटना भिवाड़ी के सांथलका रोड की है। घायल बच्चे सत्यम के पिता मुन्ना ने बताया- चार महीने पहले ही बिहार से आकर साथलका भिवाड़ी में रहने लगे हैं। यहां फैक्ट्री में काम करते हैं। चार बेटी व एक बेटा है। बड़ी बेटी मेरे साथ कंपनी में काम करने जाती है। सोमवार दोपहर को अचानक घर के बाहर खेल रहे बेटे को अज्ञात वाहन ने टक्कर दी। उसे लहुलूहान हालत में पड़ोसियों ने देखा। इसके बाद तुरंत भिवाड़ी के अस्पताल लेकर गए। अलवर रैफर करने के बाद जिला अस्पताल लेकर आए। अलवर के डॉक्टर का कहना है कि बच्चे की हालत गंभीर है। पिता का कहना है कि बेटा कभी भी कमरे से बाहर नहीं जाता था। लेकिन सोमवार को कुछ देर के लिए बाहर चला गया। उसी बीच में किसी वाहन ने टक्कर मार दी।