यूपी के नोएडा में सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर श्रमिकों ने प्रदर्शन किया था। मदरसन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी से आंदोलन शुरू हुआ था, जो अब राजस्थान के भिवाड़ी (खैरथल-तिजारा) तक पहुंच गया है। मंगलवार को भिवाड़ी के पथरेडी औद्योगिक क्षेत्र में स्थित मदरसन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के गेट पर सैकड़ों कर्मचारियों ने हड़ताल शुरू कर दी। करीब 1500 महिला और पुरुष कर्मचारी कंपनी गेट के सामने जमा होकर नारेबाजी कर रहे हैं। मामले की जानकारी मिलते ही चौपानकी, भिवाड़ी और टपूकड़ा पुलिस का जाब्ता मौके पर पहुंचा। सैलरी बढ़ाने, काम के घंटों में सुधार की मांग कर्मचारियों की मुख्य मांगों में वेतन में उचित वृद्धि, काम के घंटों में सुधार और कंपनी के उच्च अधिकारियों द्वारा कथित अभद्र व्यवहार, मारपीट तथा धमकियों पर रोक शामिल है। कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें कंपनी से निकालने की धमकियां देकर प्रताड़ित किया जाता है। 20 हजार सैलरी और दोगुना ओटी की मांग महिला कर्मचारी संजू ने बताया- फिलहाल कंपनी में उनकी सैलरी 11 हजार रुपए महीना है और ओवरटाइम के 60 रुपए प्रतिघंटा दिया जाता है। हमारी मांग है कि 20 हजार रुपए प्रतिमाह सैलरी दी जाए और ओवरटाइम के 120 रुपए प्रतिघंटे के हिसाब से दिए जाएं। संजू ने बताया- कंपनी में उनसे जबरदस्ती काम करवाया जाता है। उनको बाथरूम तक नहीं जाने दिया जाता है। ना गेट पास दिया जाता है। एक लाईन में 300 महिला काम करती है। एक बार में एक महिला को गेट पास मिलता है। कंपनी के कर्मचारी राहुल ने बताया- कंपनी के कुछ कर्मचारियों के द्वारा उसके साथ मारपीट भी की गई है। HR में कुछ लोग ऐसे हैं जो लगातार गुंडागर्दी करते हैं और कर्मचारियों को परेशान करते हैं। मामले की जानकारी मिलते ही भिवाड़ी डीएसपी कैलाश चौधरी, टपूकड़ा-भिवाड़ी तहसीलदार शैतान सिंह मौके पर पहुंचे। तहसीलदार ने श्रमिकों से समझाइश का प्रयास किया। शैतान सिंह ने बताया- कंपनी प्रबंधन और श्रमिकों के बीच वार्ता करवाई जा रही है। डीएसपी कैलाश चौधरी ने बताया- मदरसन कंपनी में मजदूरों के प्रदर्शन करने की सूचना मिली थी। जिस पर पुलिस बल तैनात किया गया है। मौके पर कंपनी कर्मचारियों और श्रमिकों के बीच वार्ता कराने का प्रयास किया जा रहा है। 10 महिलाओं का एक डेलिगेशन तैयार कर रहे हैं, उस डेलिगेशन को कंपनी मैनेजमेंट से मिलाकर समझौते का प्रयास किया जा रहा है। समझाइश जारी, पुलिस बल तैनात कंपनी में कुल 8000 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनमें से एक बड़ी संख्या आज धरने पर बैठी है। मौके पर भिवाड़ी पुलिस बल तैनात किया गया है। चोपानकी थाना अधिकारी सहित अन्य उच्च अधिकारी मजदूरों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, अभी तक स्थिति शांत नहीं हुई है और प्रदर्शन जारी है। कंपनी प्रबंधन ने चोपानकी थाना पुलिस को सूचना दी थी, जिसके बाद पुलिस बल स्थिति को नियंत्रित करने में जुटा है। फिलहाल किसी हिंसा या तोड़फोड़ की खबर नहीं है, लेकिन माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। लूमेक्स के कर्मचारियों ने भी किया प्रदर्शन मंगलवार दोपहर को लूमेक्स कंपनी में वेतन वृद्धि को लेकर बड़ी संख्या में महिला श्रमिक कंपनी के गेट पर धरने पर बैठ गई और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की गई। मामले की जानकारी मिलते ही भिवाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश करने का प्रयास किया। सोमवार को नोएडा प्लांट पर हुआ था प्रदर्शन यह प्रदर्शन अकेला नहीं है। सोमवार को नोएडा स्थित मदरसन इंडिया के प्लांट सहित अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में भी मजदूरों के बड़े प्रदर्शन हुए थे, जहां कुछ स्थानों पर तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आई थीं। कंपनी ने इन घटनाओं को उद्योग-व्यापी मुद्दा और गलत सूचनाओं से प्रेरित बताया है। भिवाड़ी में श्रमिकों ने कल भी किया था प्रदर्शन इसी क्रम में सोमवार को भिवाड़ी की सुप्राजित इंजीनियरिंग कंपनी में भी बड़ी संख्या में मजदूरों ने गेट पर प्रदर्शन किया था। वहां पुलिस द्वारा भीड़ हटाने के लिए महिला कर्मचारियों पर लाठीचार्ज किया गया और कई कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया। लगभग 5 घंटे चले गतिरोध के बाद प्रबंधन, ठेकेदार और मजदूरों के बीच समझौते से मामला शांत हुआ था। फिलहाल, प्रशासन स्थिति पर नजर रखे हुए है और दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराने का प्रयास जारी है। अभी तक कोई आधिकारिक समझौता होने की खबर नहीं है। श्रमिकों के प्रदर्शन से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें- पुलिस ने महिलाओं पर बरसाईं लाठियां, खदेड़ा:सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर कर्मचारियों का प्रदर्शन, रास्ता जाम करने की कोशिश की खैरथल-तिजारा में सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे मजदूरों पर पुलिस ने लाठियां बरसाईं। पुलिस ने प्रदर्शन में शामिल महिलाओं पर भी लाठीचार्ज किया। (पढ़ें पूरी खबर)