हरियाणा के भिवानी में दूल्हे के मौसेरे भाई की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक उत्तराखंड का रहने वाला 41 वर्षीय राकेश था, जो अपने मौसेरे भाई रोहित की शादी समारोह में शामिल होने आया था, जिसकी बारात राजस्थान गई थी। बारात में ही कुछ युवकों ने युवतियों से छेड़छाड़ को लेकर हंगामा हुआ था। इसी बीच राकेश ने छेड़छाड़ करने वाले युवकों को टोक दिया था। उस वक्त तो मामला शांत करा दिया गया था, जिसके बारात दुल्हन के साथ भिवानी लौट आई थी। इसके बाद आरोपी युवकों ने घर में घुसकर राकेश की लाठी-डंडों से पीट-पीट कर हत्या कर दी और फरार हो गए। इसके बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल, पुलिस ने इस मामले में आधा दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ मर्डर सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। जांच करने के साथ ही पुलिस आरोपियों की तलाश भी कर रही है। यहां सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा घटनाक्रम…. हमले से पहले आरोपियों ने रेकी भी की मृतक राकेश के बेटे रितिक ने बताया कि दूल्हा-दुल्हन के पूजा के लिए जाने के बाद घर में उसके पिता राकेश, परिवार में भाई लाला और रिश्ते में चाचा लगने वाला अमन घर पर थे और आराम कर रहे थे। इसी दौरान युवकों ने हमला किया। हमले से पहले रेकी भी की। आरोपियों ने लाठी-डंडों के अलावा लात-घूंसे भी मारे। इसके बाद आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। इलाज के दौरान तोड़ा दम रितिक ने बताया कि घायल पिता को इलाज के लिए अस्पताल में लाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, हमले में शादी में आए लाला को भी चोटें आई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। रितिक ने बताया कि उसके पिता ट्रेवल एजेंसी का काम करते थे। हम 4 भाई-बहन हैं, जिनमें 2 बेटी 2 बेटे हैं। केस दर्ज करके जांच में जुटी पुलिस बवानीखेड़ा थाना के एसएचओ सुरेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने मृतक के बेटे रितिक के बयान पर केस दर्ज कर लिया है। शुरुआती जानकारी मिली है कि राजस्थान में बारात गई थी, जहां मृतक राकेश की कुछ युवकों से कहासुनी हुई थी। बारात से आरोपी युवक वापस भेज दिए गए थे। इसी रंजिश में यह वारदात की गई है। पुलिस की अलग-अलग टीमें जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश भी दी जा रही है। -------------------- ये खबर भी पढ़ें…. झज्जर में युवा किसान की गोली मारकर हत्या:खेत में 5 साथियों संग पी रहा था शराब; दो बच्चों का पिता झज्जर जिले के बहु झोलरी क्षेत्र में एक वारदात सामने आई, जहां एक युवा किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मामले की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश की जा रही है। (पूरी खबर पढ़ें)