चूरू जिले के बीदासर थाना क्षेत्र के दड़िबा गांव में गुरुवार देर रात डीएसटी ने जुआ खेलते 10 लोगों को हिरासत में लिया। टीम के मुताबिक, नवरतन बावरी के घर में झंडी-मंडी का जुआ चल रहा था। डीएसटी ने मौके से 54,604 रुपए नकद, 12 मोबाइल, 7 गाड़ियां, 1 टेम्पो, 16 बाइक और 1 स्कूटी जब्त की। जब्त सामान बीदासर पुलिस को सौंप दिया गया। डीएसटी प्रभारी किशनाराम बिश्नोई के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। सूचना मिलने पर बीदासर पुलिस और थाने के हेड कॉन्स्टेबल प्रेमाराम भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने नेतराम जाट, नानूराम जाट, कालूराम स्वामी, खलील नाई, भींवाराम मेघवाल, कैलाश जाट, मूलचंद जाट, राजकुमार प्रजापत, वीरेंद्र नायक और दिलीप कुमार नायक को हिरासत में लिया। बीदासर में दीपावली के दौरान झंडी-मंडी का जुआ कई सालों से खेला जाता रहा है। खबर के मुताबिक, पुलिस प्रशासन को इसकी जानकारी रहती है और पहले भी छोटी-मोटी कार्रवाई हुई है। कार्रवाई करने वाली टीम में कॉन्स्टेबल लोकेश, गोपाल और विक्रम शामिल थे।