कोटा के कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र स्थित लैंडमार्क सिटी में कोचिंग छात्रों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। यहां दो युवकों ने एक नीट स्टूडेंट के साथ मारपीट की और उसके गले पर कांच से हमला कर दिया। घायल छात्र के गले पर 5 से 6 टांके आए हैं। छात्र मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और कोटा में नीट परीक्षा की तैयारी करने आया है। घायल छात्र अनुराग कुमार ने बताया कि वह लैंडमार्क सिटी स्थित गहलोत हाइट हॉस्टल में रहता है। 25 अप्रैल की शाम करीब 5:30 बजे वह अपने कमरे में पढ़ाई कर रहा था। इसी दौरान समीर और साहिद नाम के दो युवक उसके कमरे में आए और अचानक मारपीट शुरू कर दी। अनुराग ने बताया कि दोनों युवकों से उसकी कोई पुरानी दुश्मनी नहीं थी। मामूली कहासुनी के बाद दोनों ने हमला कर दिया। मारपीट के दौरान कमरे का कांच टूट गया। साहिद ने टूटे हुए कांच का टुकड़ा उठाकर मेरे गले पर वार कर दिया, जिससे कमरे में खून फैल गया। घटना के बाद घायल छात्र को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसके गले पर 5 से 6 टांके लगाए गए। पीड़ित छात्र ने मामले की शिकायत कुन्हाड़ी थाने में दी। कुन्हाड़ी थाना सीआई देवेश भारद्वाज ने बताया कि छात्र की शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया है। दोनों युवकों को कोर्ट में पेश कर दिया गया है।