गुमशुदा व्यक्ति के लिए सोमवार को भरतपुर कलेक्ट्रेट पर भीम आर्मी ने धरना प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि समाज के व्यक्ति की तलाश के लिए लगातार धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। लापता युवक की पत्नी ने कहा-पति 15 महीने से लापता हैं। प्रशासन हर बार आश्वासन दे देता है। भरतपुर के नगला हरिहर गांव की रहने वाली पूनम बैरवा ने बताया- मेरे पति प्रहलाद (37) ने 4 साल पहले दो परिचितों धर्मेंद्र धाकड़ और राजेश कुमार गर्ग को उधार पैसा दिया था। धर्मेंद्र को 4.5 लाख और राजेश को 15 लाख रुपए दिए थे। दोनों पैसा नहीं लौटा रहे थे। ढाई साल पहले पति प्रहलाद ने दोनों के खिलाफ वैर थाने धोखाधड़ी की FIR दर्ज करवाई। मुकदमा कोर्ट में चल रहा है। 26 मार्च 2025 को प्रहलाद मुक़दमे की तारीख पर कोर्ट गया था। वहां से दोनों आरोपियों ने प्रहलाद को किडनैप कर लिया। तब से पति का कुछ पता नहीं है। पुलिस नहीं कर पाई तलाश प्रहलाद के परिजन ने बताया- हमने गुमशुदगी की FIR वैर थाने में करवाई थी। 15 महीने बाद भी पुलिस खाली हाथ है। हमने अप्रैल महीने में वैर थाने पर धरना दिया था, 6 दिन धरना देने के बाद पुलिस ने आश्वासन देकर धरना खत्म करवा दिया था। हर बार अधिकारी आश्वासन देकर पलड़ा झाड़ लेते हैं। सोमवार को फिर से कलेक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन किया गया है।