बिजयनगर थाना पुलिस ने एक पोल फैक्ट्री में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 18 वर्षीय दिनेश सिंह उर्फ सोनू को हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेन्द्र शर्मा और वृताधिकारी जय सिंह के सुपरविजन में हुई। थाना प्रभारी करण सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने इस मामले में सफलता हासिल की। जानकारी के अनुसार 19 मार्च 2026 को ग्राम जालिया द्वितीय स्थित एक पोल फैक्ट्री में चोरी हुई थी। फैक्ट्री संचालक सांवरलाल शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने फैक्ट्री का ताला तोड़कर वेल्डिंग मशीन, वाइब्रेटर मशीन, लोहे के तारों के बंडल, खेतों की जाली और कांटेदार तार सहित भारी मात्रा में सामान चुरा लिया था। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण किया गया, सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और संदिग्धों से पूछताछ की गई। अनुसंधान के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी दिनेश सिंह को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इस मामले में पुलिस पहले ही तीन अन्य आरोपी पूरण सिंह, महावीर सिंह और नरेन्द्र सिंह उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है।