बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के चुनाव के तहत बीकानेर में मतदान शांतिपूर्ण रहा। सुबह 9 बजे शुरू हुई वोटिंग के बाद शाम 5 बजे तक 2552 वकीलों ने मतदान किया। सीनियर एडवोकेट्स में मतदान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला, जबकि युवा वकीलों की भागीदारी अपेक्षा से कम रही। बीकानेर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय पुरोहित ने बताया कि जिले में 3600 से अधिक वोटर हैं, जिनमें करीब 1100 सीनियर एडवोकेट्स शामिल हैं। मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और न्यायालय प्रशासन भी सहयोग कर रहा है। इसके अलावा 50 से अधिक वकीलों ने व्यवस्थाएं भी संभाली। हर वर्ग के लिए अलग बूथ मतदान को व्यवस्थित बनाने के लिए महिलाओं, सीनियर एडवोकेट्स और युवा वकीलों के लिए अलग-अलग बूथ बनाए गए हैं। प्रत्येक बूथ पर 700 से 1200 वोटर निर्धारित किए गए हैं, जिससे मतदान प्रक्रिया में सुविधा बनी रहे। उम्मीदवारों की सक्रियता, वोटर्स के लिए खास इंतजाम चुनाव को लेकर उम्मीदवारों ने भी अपने स्तर पर पूरी ताकत झोंक दी है। वोटर्स के लिए चाय-कॉफी से लेकर भोजन तक की व्यवस्था की गई है। वहीं सीनियर एडवोकेट्स को घर से कोर्ट तक लाने-ले जाने के लिए वाहन भी लगाए गए हैं। कोर्ट परिसर में दिखे नए चेहरे मतदान के दौरान कई ऐसे चेहरे भी नजर आए, जो सामान्य दिनों में कोर्ट परिसर में दिखाई नहीं देते। दरअसल, कई युवाओं ने बार में रजिस्ट्रेशन तो कराया है, लेकिन वे नियमित प्रैक्टिस नहीं करते। चुनाव के चलते ये वकील भी वोट डालने पहुंचे। कहां कितने वोट बीकानेर शहर : 3166 छत्तरगढ़ : 29 खाजूवाला : 106 कोलायत : 15 लूणकरनसर : 81 श्रीडूंगरगढ़ : 122 नोखा : 144