भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच बीकानेर कलेक्टर निशांत जैन ने सोमवार को एसडीएम राजकीय जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से हीट वेव और हीट स्ट्रोक से निपटने के लिए अस्पताल में की गई तैयारियों की समीक्षा की। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम में मरीजों को उपचार और सुविधाओं में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इमरजेंसी और हीट वेव वार्ड का किया निरीक्षण जिला कलेक्टर सबसे पहले अस्पताल के आपातकालीन वार्ड पहुंचे, जहां उन्होंने भर्ती मरीजों, उपलब्ध बेड, दवाइयों और संसाधनों की जानकारी ली। इसके बाद हीट वेव वार्ड का निरीक्षण करते हुए जरूरी दवाइयों, मेडिकल उपकरणों और स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए अस्पताल प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहे। मरीजों और परिजनों के लिए अतिरिक्त सुविधाओं के निर्देश निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आउटडोर और पंजीयन काउंटर की व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों को गर्मी से राहत देने के लिए अतिरिक्त बेंच लगाने और प्रतीक्षा स्थलों पर बेहतर व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल परिसर में शुद्ध पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। बिगड़ी सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी अस्पताल परिसर की सफाई व्यवस्था को लेकर जिला कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को साफ-सफाई व्यवस्था तत्काल सुधारने और वार्डों में नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि गर्मी के मौसम में स्वच्छता बनाए रखना संक्रमण रोकने के लिए बेहद जरूरी है। ओपीडी, प्रसूति वार्ड और जांच सेवाओं की भी समीक्षा जिला कलेक्टर ने नेत्र एवं ईएनटी ओपीडी, प्रसूति वार्ड और संस्थागत प्रसव से जुड़ी व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने इमरजेंसी रिकॉर्ड, दवा वितरण केंद्र और निःशुल्क जांच सेवाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत कर व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया। अन्नपूर्णा रसोई की गुणवत्ता जांची निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल परिसर में संचालित श्री अन्नपूर्णा रसोई का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और बैठने की व्यवस्था की जानकारी लेते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला अस्पताल अधीक्षक डॉ. सुनील हर्ष ने अस्पताल की व्यवस्थाओं की जानकारी दी।