बीकानेर कलेक्ट्रेट ऑफिस को एक बार फिर से बम से उड़ाने की धमकी मिली है। बुधवार को आए एक ई-मेल में 16 बम ऑफिस में रखने का दावा किया गया। इसके बाद पूरे कलेक्ट्रेट परिसर को खाली करवाया। इसके साथ ही कर्मचारियों को बाहर निकाल कर तलाशी शुरू कर दी है। एसपी भी पहुंचे मौके पर, 12:15 बजे धमाके की चेतावनी इधर, सुबह जैसे ही इस धमकी भरे ई-मेल की जानकारी मिली एसपी मृदुल कच्छावा भी कलेक्ट्रेट ऑफिस पहुंचे। इसके साथ ही अन्य अधिकारी और रेस्क्यू टीमें भी मौके पर पहुंची। ई-मेल में लिखा गया कि कलेक्ट्रेट परिसर में 16 बम रखे गए है। दोपहर 12:15 बजे धमाके होंगे। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। कलेक्टर निशांत जैन ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। एसपी मृदुल कच्छावा ने कहा कि एसओपी के तहत कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल बम निरोधक दस्ते और अन्य एजेंसियों द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर की गहन जांच की जा रही है। कलेक्ट्रेट के सभी कर्मचारियों को बाहर निकाला गया है। एक एक कमरे में पहुंचकर बम विरोधी दस्ता छानबीन कर रहा है। अब तक पुलिस को कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है, लेकिन इसके बाद भी चप्पा चप्पा छाना जा रहा है। पहले भी दी जा चुकी है धमकी इससे पहले बीकानेर के कोर्ट परिसर और मुख्य डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। अदालत में तो दो बार बम से उड़ाने की धमकी दी गई हालांकि इसके बाद वहां कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। मुख्य डाकघर में भी बम की धमकी दी गई लेकिन वहां भी कुछ नहीं मिला।