बीकानेर में शुक्रवार सुबह शादीशुदा महिला और एक युवक का शव खेजड़ी के पेड़ पर एक ही चुन्नी के फंदे से लटके मिले। दोनों बोलेरो गाड़ी से घटनास्थल तक पहुंचे थे। गाड़ी से उनके मोबाइल फोन, करीब 20 लीटर डीजल से भरा जरीकन और शराब की एक खाली बोतल भी मिली है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को फंदे से उतरवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। मृतकों की पहचान श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के कीतासर निवासी सुंदरलाल मेघवाल और बंधवा गांव की काली देवी के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम और सुसाइड के कारणों की जांच कर रही है। घटना सेरुणा थाना क्षेत्र के लिखमीसर दिखनादा गांव की है। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस सेरुणा थाना SHO संध्या बिश्नोई ने बताया- श्रीडूंगरगढ़ के कीतासर गांव का रहने वाला सुंदरलाल मेघवाल और बंधवा गांव निवासी काली देवी दोनों शादीशुदा थे। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को नीचे उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस दोनों के एक साथ फंदा लगाने के कारणों की जांच कर रही है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बोलेरो से पहुंचे, गाड़ी में मिले मोबाइल और अन्य सामान जानकारी के अनुसार, दोनों अपने घर से करीब 60 किलोमीटर दूर एक बोलेरो गाड़ी में घटनास्थल तक पहुंचे थे। उन्होंने सड़क किनारे गाड़ी खड़ी की और इसके बाद खेजड़ी के पेड़ पर फंदा लगा लिया। मौके पर खड़ी बोलेरो में दोनों के मोबाइल फोन, शराब की एक खाली बोतल और डीजल से भरा करीब 20 लीटर का एक जरीकन भी मिला है। घटनास्थल के ठीक सामने गौशाला है, गुरुवार रात सत्संग होने के कारण देर रात तक लोगों की आवाजाही रही। पुलिस का अनुमान है कि दोनों रात करीब 2 से 4 बजे के बीच वहां पहुंचे और फंदा लगा लिया।