बीकानेर में महिला ने बच्चों के साथ मिलकर लिव-इन पार्टनर (प्रेमी) की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। दोनों में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। घटना लूणकरणसर थाना क्षेत्र में सोमवार रात करीब 9 बजे हुई। पुलिस ने मंगलवार सुबह आरोपी महिला को डिटेन कर लिया। मृतक के भाई की रिपोर्ट पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहले AI इमेज से समझें घटनाक्रम… फोटो-1 : झगड़े के बाद महिला ने बच्चों के साथ मिलकर प्रेमी की पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। फोटो-2 : आरोपी महिला और उसके परिजन घायल को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी मौत हो गई। फोटो-3 : हत्या के आरोप में पुलिस ने लिव-इन पार्टनर (प्रेमिका) को डिटेन कर लिया। विवाद के बाद मारपीट, आरोपी ही हॉस्पिटल लेकर गए लूणकरणसर SHO गणेश विश्नोई ने बताया- मूलाराम (50) पुत्र हीराराम श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र का रहने वाला था। वह किसान था। वह पिछले कुछ समय से थाना क्षेत्र के एक गांव में महिला के साथ रह रहा था। सोमवार रात करीब 9 बजे दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान मूलाराम के साथ मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मूलाराम को आरोपी पक्ष ही निजी हॉस्पिटल लेकर पहुंचा, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस हॉस्पिटल पहुंची। शव को कब्जे में लेकर मॉर्च्युरी में रखवा दिया। सूचना पर मृतक के परिजन भी हॉस्पिटल पहुंचे। मृतक के हाथ-पैरों पर चोटों के निशान मिले हैं। पुलिस ने महिला को डिटेन कर पूछताछ शुरू कर दी। भाई बोला- लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला मूलाराम के भाई हेमाराम ने थाने में रिपोर्ट दी है। इसमें बताया कि पत्नी की मौत के बाद मूलाराम एक महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में था। महिला का अपने पति से तलाक हो चुका था और उसके 3 बच्चे हैं। मूलाराम का बेटा भी आरोपी महिला के साथ ही रहता था। हेमाराम ने आरोप लगाया कि मौत से पहले मूलाराम ने मुझे बताया था कि आरोपी महिला के साथ उसकी अनबन चल रही है और उसे जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। रिपोर्ट के अनुसार, 6 जुलाई की रात को मूलाराम अपने बेटे को लेने के लिए आरोपी महिला के खेत पर गया था। वहां महिला और उसके तीन बच्चों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला किया, जिससे बाद में उसकी मौत हो गई। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके बेटे के साथ भी मारपीट की गई।