बीकानेर जिले की 137 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए शुक्रवार को मतदान होगा। हालांकि, दो ग्राम पंचायतों में नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही सरपंच निर्विरोध चुन लिए गए हैं। दूसरी ओर, बीकानेर पंचायत समिति की गाढ़वाला ग्राम पंचायत में निर्विरोध निर्वाचन को लेकर बनी सहमति टूट गई। यहां एक नहीं, बल्कि सात प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। चारणवाला और नया गांव में निर्विरोध निर्वाचन बज्जू खालसा पंचायत समिति की चारणवाला ग्राम पंचायत में भगवान सिंह सोलंकी को निर्विरोध सरपंच चुन लिया गया है। उनके सामने किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया। ऐसे में उनके साथ वार्ड पंच भी निर्विरोध निर्वाचित हो गए। इसी तरह कोलायत पंचायत समिति की नया गांव ग्राम पंचायत में देवकीदेवी हुक्माराम मेघवाल निर्विरोध सरपंच चुनी गईं। उनके सामने भी किसी ने नामांकन दाखिल नहीं किया। दोनों गांवों में ग्रामीणों ने आपसी सहमति से निर्विरोध निर्वाचन करवाया। जमीन दान करने वाले पर बनी थी सहमति बीकानेर पंचायत समिति की गाढ़वाला ग्राम पंचायत में एक किसान ने खेल मैदान के लिए अपनी छह बीघा जमीन दान की थी। इसके बाद ग्रामीणों ने सार्वजनिक बैठक कर सहमति जताई थी कि जमीन दान करने वाले किसान भिराजराम के परिवार से मंजू सोलंकी को निर्विरोध सरपंच बनाया जाएगा। हालांकि, ग्रामीणों के इस फैसले पर सभी सहमत नहीं हुए। मंजू सोलंकी सहित कुल 12 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल कर दिए। नामांकन प्रक्रिया के बाद पांच प्रत्याशियों ने अपने पर्चे वापस ले लिए। इसके बावजूद अब सात प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं। मंजू के सामने छह प्रत्याशी गाढ़वाला में मंजू सोलंकी के सामने उमादेवी, किरण, तुलछी देवी, नेनू देवी, मनोहरी और सीता नायक चुनाव लड़ रही हैं। ऐसे में जिस ग्राम पंचायत में निर्विरोध सरपंच चुनने पर सहमति बनी थी, वहां अब शुक्रवार को मुकाबला होगा।