शहर में गर्मी ने अब तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मौसम विभाग ने बुधवार को तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की चेतावनी जारी की है। सुबह 9 बजे ही पारा 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे दिन की शुरुआत ही तपिश के साथ हुई। वहीं ग्रामीण क्षेत्र में तापमान बीकानेर शहर की तुलना में कम रहा। गर्मी का असर जनजीवन पर साफ नजर आने लगा है। बीकानेर से जैसलमेर जाने वाले नेशनल हाईवे पर सुबह ऑफिस टाइम में भी वाहनों की आवाजाही सामान्य से कम रही। वहीं शहर के बाजारों में नमकीन और अन्य दुकानों पर भी आम दिनों की तुलना में कम भीड़ देखने को मिली। बीते 24 घंटे के आंकड़ों पर नजर डालें तो बीकानेर में अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रात का न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन के साथ अब रातें भी गर्म होने लगी हैं, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पा रही। गांवों में थोड़ी राहत शहर के मुकाबले ग्रामीण इलाकों में गर्मी का असर थोड़ा कम देखने को मिला। लूणकरनसर में अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 20.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यानी दिन और रात दोनों समय तापमान शहर की तुलना में कम रहा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में कुछ राहत महसूस की गई। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय धूप से बचने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।