चूरू के साहवा थाना क्षेत्र के धीरवास गांव में एक विवाहिता की पति, जेठ और देवर ने मिलकर ब्लेड से जीभ काट दी। घटना करीब 20 दिन पहले की बताई जा रही है। महिला को रविवार दोपहर तारानगर के सरकारी अस्पताल से चूरू के डीबी अस्पताल रेफर किया गया, जहां इमरजेंसी वार्ड में उसका इलाज किया गया। फिलहाल उसकी हालत ऐसी नहीं है कि पुलिस उसके बयान दर्ज कर सके। 20 साल पहले हुई थी शादी अस्पताल में मौजूद विवाहिता की भांजी सुनीता ने बताया कि उसकी मौसी सीता, जो मूल रूप से जोधपुर जिले के नीमड़ी (नीमा नीमड़ी) की रहने वाली है, की शादी करीब 20 साल पहले धीरवास निवासी असमालनाथ के साथ हुई थी। उनके तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और एक बेटी शामिल हैं। घटना के बाद चली गई थी पीहर परिजनों के अनुसार, करीब 20 दिन पहले घरेलू विवाद के दौरान पति असमालनाथ, देवर मोडनाथ और जेठ सदानाथ ने ब्लेड से सीता की जीभ काट दी। घटना के बाद वह अपने पीहर जोधपुर चली गई थी। शनिवार को वह वापस अपने ससुराल धीरवास लौटी, जहां तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। जोधपुर में दर्ज हुई जीरो एफआईआर साहवा थानाधिकारी जगदीश गोदारा ने बताया कि घटना करीब 20 दिन पहले की बताई गई है। इस संबंध में जोधपुर के मंडोर थाने में घरेलू हिंसा, मारपीट और धारदार हथियार से चोट पहुंचाने के आरोप में जीरो नंबर एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसे जांच के लिए साहवा थाने भेज दिया गया है। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद होगी पुष्टि थानाधिकारी ने बताया कि विवाहिता फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं है। उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है, जिसके बाद जीभ काटे जाने की पुष्टि और अन्य तथ्यों का सत्यापन किया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस ने कही यह बात पुलिस के अनुसार, विवाहिता घुमंतू नाथ समाज से है। घटना के बाद वह अपने पीहर चली गई थी। पुलिस का कहना है कि ऐसी घटना होने पर तत्काल सूचना दी जाती तो समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सकती थी।