बीकानेर पुलिस अब सिर्फ अपराधियों को गिरफ्तार करने तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि उनकी अवैध कमाई के नेटवर्क को भी खत्म करने की रणनीति पर काम कर रही है। इसी अभियान के तहत शुक्रवार को पुलिस ने जिले के एक हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके अवैध पानी कारोबार पर शिकंजा कस दिया। पुलिस ने 34 मुकदमों में नामजद हिस्ट्रीशीटर प्रदीप कुमार नगरासर के खिलाफ कार्रवाई करते हुए महाराजा गंगा सिंह यूनिवर्सिटी के पास चल रहे उसके अवैध पानी सप्लाई नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया। आरोपी ने यहां से गुजर रही पाइप लाइन में अवैध कनेक्शन कर रखा था और टैंकरों के जरिए पानी बेचकर कमाई कर रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस और पीएचईडी की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी मशीन की मदद से खुदाई कर अवैध पाइप लाइन को काटा गया। इस दौरान मौके पर भारी पुलिस जाब्ता तैनात रहा, जिससे इलाके में काफी हलचल रही। कार्रवाई को देखने के लिए आसपास लोगों की भीड़ भी जुट गई। मौके पर पीएचईडी के एईएन योगेंद्र कुमार भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पूरे नेटवर्क की जांच कर अवैध कनेक्शन हटाने की प्रक्रिया पूरी की। सीओ सिटी अनुज डाल ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अब पुलिस की रणनीति सिर्फ अपराधियों को जेल भेजने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके गैरकानूनी धंधों और अवैध आय के स्रोतों को भी खत्म किया जाएगा। पुलिस ऐसे लोगों की संपत्तियों और अवैध कारोबार की जानकारी जुटाकर लगातार कार्रवाई कर रही है। पूरी कार्रवाई एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन और एएसपी चक्रवर्ती सिंह राठौड़ के सुपरविजन में की गई। पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के लिए बड़ा संदेश माना जा रहा है कि अब अपराध के साथ-साथ उसकी कमाई की जड़ों पर भी सीधा वार किया जाएगा। कंटेंट : अलंकार गोस्वामी, बीकानेर